आर्केस्ट्रा में चाकूबाजी से युवक की हत्या, आठ नामजद आरोपी गिरफ्तार, छह की तलाश जारी

दरभंगा के सिमरी थाना क्षेत्र में जन्माष्टमी आर्केस्ट्रा में विवाद के दौरान युवक कमलेश राम की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है और घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिए हैं.

दरभंगा: सिमरी थाना क्षेत्र के भराठी पंचायत के कुमरपट्टी गांव में शनिवार देर रात जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान चाकू मारकर युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं, मामले में नामजद छह अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

सोमवार को सिमरी थाना में सदर एसडीपीओ-2 ने मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि घटना के बाद एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गयी.

विवाद शांत कराने पहुंचे कमलेश पर चाकू से हमला

एसडीपीओ ने बताया कि आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान पूजा कमेटी के सदस्यों और आरोपित पक्ष के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. विवाद को शांत कराने के लिए रामाशीष राम का 19 वर्षीय पुत्र कमलेश राम सामने आया.

इसी दौरान रोकथाम के क्रम में आरोपियों ने कमलेश राम पर चाकू से हमला कर दिया. उसे बचाने के क्रम में रामकिशोर राम के पुत्र 18 वर्षीय सुमन कुमार पर भी चाकू से वार किया गया.

इलाज के दौरान डीएमसीएच में हुई मौत

चाकू के हमले में कमलेश राम गंभीर रूप से जख्मी हो गया. उसे इलाज के लिए डीएमसीएच ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. वहीं, घायल सुमन कुमार का इलाज चल रहा है.

घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की.

घटना में प्रयुक्त दोनों चाकू बरामद

एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर आठ नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दोनों चाकू भी बरामद कर लिये हैं. इसके अलावा आरोपियों के तीन मोबाइल फोन जब्त किये गये हैं.

इन आठ आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने कंसी निवासी बुलटन सहनी के पुत्र मुरारी कुमार, अभय ठाकुर के पुत्र वीरेंद्र ठाकुर, अरुण सहनी के पुत्र राकेश कुमार, जय नारायण सहनी के पुत्र चंचल कुमार, जय नारायण सहनी के पुत्र चंदन कुमार, शंभू सहनी के पुत्र गनौर सहनी, रामसागर दास के पुत्र अमरजीत कुमार तथा सिमरी निवासी संतोष पासवान के पुत्र रोहित कुमार उर्फ माइकल को गिरफ्तार किया है.

पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद छह अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

यह भी पढ़ें

मुंबई-दरभंगा स्पाइसजेट फ्लाइट में 90 वर्षीय महिला की तबीयत बिगड़ी, करीब दो घंटे हुई देरी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सतीश कुमार

26 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय हैं. साहित्य, संस्कृति, कला तथा खेल गतिविधियों में इनकी विशेष अभिरुचि है. ये पत्रकारिता के बदलते स्वरूप को समय की मांग समझते हैं, जबकि प्रिंट को उसकी मूल आत्मा मानते हैं. साहित्य, संस्कृति, कला तथा खेल गतिविधियों में इनकी विशेष अभिरुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >