दरभंगा के कराटे खिलाड़ी प्रेयांश का भारतीय टीम में चयन, जॉर्डन में एशियन चैंपियनशिप में दिखाएंगे दम

दरभंगा के कराटे खिलाड़ी प्रेयांश जॉर्डन में भारत के लिए खेलेंगे. जून में देहरादून में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद उनका चयन एशियन चैंपियनशिप की भारतीय टीम में हुआ है.

दरभंगा न्यूज: जिले के युवा कराटे खिलाड़ी प्रेयांश ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है. उनका चयन 24वीं एशियन कैडेट, जूनियर एवं अंडर-21 कराटे चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है. प्रतियोगिता 8 से 11 सितंबर तक अम्मान, जॉर्डन में आयोजित होगी. प्रेयांश जूनियर कुमिते के 76 किलोग्राम वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे.

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीता था स्वर्ण

प्रेयांश ने जून में देहरादून में आयोजित केआइओ की राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता था. जूनियर व्यक्तिगत कुमिते वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने के बाद उनका चयन एशियन चैंपियनशिप के लिए भारतीय दल में हुआ है. खास बात यह है कि इस उपलब्धि के साथ वह बिहार के एकमात्र ऐसे खिलाड़ी बने हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर जूनियर व्यक्तिगत कुमिते में स्वर्ण जीतकर एशियन चैंपियनशिप की भारतीय टीम में जगह बनाई है.

76 किलो वर्ग में भारत का करेंगे प्रतिनिधित्व

जॉर्डन में होने वाली प्रतियोगिता में प्रेयांश 76 किलोग्राम भार वर्ग के जूनियर कुमिते में भारतीय चुनौती पेश करेंगे. एशियन कराटे फेडरेशन की ओर से आयोजित इस चैंपियनशिप को ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया की मान्यता प्राप्त है. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने का यह मौका प्रेयांश के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

कोच ने मेहनत और अनुशासन को बताया सफलता की वजह

प्रेयांश कराटे कोच मुकेश मिश्रा से प्रशिक्षण ले रहे हैं. कोच मुकेश मिश्रा ने कहा कि प्रेयांश की कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगातार बेहतर प्रदर्शन का नतीजा है कि उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली है. उन्होंने उम्मीद जतायी कि प्रेयांश जॉर्डन में भी शानदार प्रदर्शन कर देश और बिहार का नाम रोशन करेंगे.

खेल संघ ने दी बधाई

प्रेयांश के भारतीय टीम में चयन पर कराटे एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव रंजन ने इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया. जिला खेल सचिव जितेंद्र सिंह ने भी उन्हें बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं. प्रेयांश के चयन से जिले के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में भी उत्साह है.

यह भी पढे़ं:


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सतीश कुमार

26 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय हैं. साहित्य, संस्कृति, कला तथा खेल गतिविधियों में इनकी विशेष अभिरुचि है. ये पत्रकारिता के बदलते स्वरूप को समय की मांग समझते हैं, जबकि प्रिंट को उसकी मूल आत्मा मानते हैं. साहित्य, संस्कृति, कला तथा खेल गतिविधियों में इनकी विशेष अभिरुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >