Bankipur election result: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की ऐतिहासिक जीत की खबर मिलते ही दरभंगा के लहेरियासराय टावर पर पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई. सोमवार को जनसुराज के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और पटाखे फोड़कर शानदार जश्न मनाया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाब का फूल भेंट कर बधाई दी और जमकर आतिशबाजी की.
'सकारात्मक राजनीति और बदलाव के पक्ष में मिला जनादेश'
इस जश्न के अवसर पर पार्टी नेता इन्द्र भूषण झा ने बांकीपुर के मतदाताओं का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि बांकीपुर की सम्मानित जनता ने सकारात्मक राजनीति, विकास और बड़े बदलाव के पक्ष में अपना स्पष्ट जनादेश दिया है.इन्द्र भूषण झा ने आगे जोर देकर कहा कि यह जीत सिर्फ चुनाव परिणाम नहीं है, बल्कि जनसुराज की विचारधारा, कार्यकर्ताओं की दिन-रात की मेहनत और पार्टी के प्रति जनता के अटूट विश्वास की जीत है. उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में जनसुराज पूरे बिहार में और अधिक मजबूती के साथ उभरेगी तथा आम जनता की बुलंद आवाज बनेगी.
भविष्य में संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान डॉ उद्भट्ट मिश्र ने बांकीपुर के चुनावी नतीजों को राज्य की भावी राजनीति का संकेत बताया. उन्होंने भविष्य में जिला से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त और धारदार बनाने का दृढ़ संकल्प लिया.जश्न के इस भव्य आयोजन में राजीव कुमार मणि, प्रतिभा सिंह, आमना सफी, पप्पू चौधरी, सुदर्शन झा, मुकुंद चौधरी सहित बड़ी संख्या में जनसुराज के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे
