Darbhanga News: जगदम्बा घर में दीयरा बारि एलहुं हे...

Darbhanga News: शारदीय नवरात्र में शक्ति की अधिष्ठात्री देवी दुर्गा की आराधना में पूरा श्रद्धालु समाज डूब गया है.

Darbhanga News: दरभंगा. शारदीय नवरात्र में शक्ति की अधिष्ठात्री देवी दुर्गा की आराधना में पूरा श्रद्धालु समाज डूब गया है. सार्वजनिक पूजा पंडाल एवं भगवती मंदिरों के साथ घरों से फूट रहे दुर्गा शप्तशती के मंत्र वातावरण में घुलने लगे हैं. भक्तिगीतों के बोल से दिशाएं गूंज रही हैं. चारों तरफ भगवती दुर्गा के नाम का ही जाप एवं पूजन चल रहा है. उल्लेखनीय है कि शारदीय नवरात्र में शक्ति उपासक मिथिलावासी पूरी निष्ठा के साथ विधि-विधानपूर्वक माता की आराधना करते हैं. जिन लोगों को कभी भी किसी कारणवश पूजन करते नहीं देखते, वे भी नवरात्र में पूरी आस्था के साथ पूजा-अर्चना करते नजर आते हैं. इसने लोगों की दिनचर्या बदल दी है. देर तक बिस्तर के हवाले रहने वाले लोग भी इन दिनों मुंह अंधेरे उठकर नित्य क्रिया से निवृत हो पूजा की तैयारी में जुट जाते हैं. कुछ लोग पंडितों के माध्यम से जहां घरों में मंगल कलश स्थापित कर दुर्गा पाठ करा रहे हैं, वहीं अधिकांश श्रद्धालु खुद दुर्गा सप्तशती का पाठ कर माता की वंदना कर रहे हैं. बड़ी संख्या में श्रद्धालु नवरात्र के उपवास में भी हैं. यूं तो सभी श्रद्धालु माता के चरण में समवेत हैं, लेकिन महिलाओं की आस्था अधिक छलक रही है. दिन में घर काम-काज निबटाकर पूजन करने के बाद शाम ढलते ही माता के चरण में दीप दान की तैयारी में जुट जाती हैं. पूजा की थाल में दीया सजाकर देवी मंदिर एवं निकट के सार्वजनिक पूजा पंडाल में टोली के साथ पहुंचती हैं और सांझ दिखाती हैं. इसे लेकर शाम ढलते ही महिला भक्तों से पूजन स्थल जगमगा उठता है. इस दौरान पारंपरिक देवी गीतों से माता का वंदन भी जगह-जगह किया जा रहा है.

इससे पूर्व मंगलवार को दूसरे दिन भगवती के दूसरे स्वरूप ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना विधि-विधानपूर्वक की गयी. मंगल कलश के साथ आवाहित देवी-देवताओं का पूजन करने के साथ ही दुर्गा सप्तशती का पाठ किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपने घर में कुंवारी कन्या का पूजन कर उन्हें मीठा प्रसाद भोजन कराया. खोईंछा भरकर उनसे आशीर्वाद लिया.

शाम ढलते ही संध्या आरती के लिए महिलाओं का लग जाता तांता

बेनीपुर. शारदीय नवरात्र को लेकर पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना हुआ है. दुर्गा सप्तशती के पाठ व मां भगवती की स्तुति से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो रहा है. नवरात्र के दूसरे दिन मंगलवार को भगवती के ब्रह्मचारिणी स्वरूप की पूजा की गयी. नवरात्र के दौरान श्रद्धालु अपने-अपने ढंग से विभिन्न मंदिरों में माता की आराधना में जुटे हैं. अहले सुबह से ही विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगती है. वहीं संध्या होते ही संध्या आरती के लिए विभिन्न पूजा पंडालों में महिलाओं का तांता लग जाता है. जगह-जगह भागवत कथा का प्रवचन हो रहा है. इधर पूजा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है. दुधिया रोशनी से सभी पूजा पंडाल जगजग होने लगे हैं, जो आकर्षण का केंद्र बन गये हैं. सर्वाधिक भीड़ नवरात्र के दौरान नवादा स्थित दुर्गा मंदिर में माता के सिंहासन पूजन व बलि प्रदान के लिए लगी रहती है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRABHAT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >