Darbhanga News : एडमिट कार्ड के लिए प्लस टू उत्क्रमित उ मावि राघोपुर ड्योढ़ी के बच्चों ने किया जमकर हंगामा

प्लस टू उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय राघोपुर ड्योढी में दसवीं व 12वीं के छात्र-छात्राओं ने शनिवार को जमकर बवाल किया.

मनीगाछी.

प्लस टू उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय राघोपुर ड्योढी में दसवीं व 12वीं के छात्र-छात्राओं ने शनिवार को जमकर बवाल किया. बच्चे आगामी दो फरवरी को 12वीं तथा 17 फरवरी को दसवीं की परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) की मांग कर रहे थे. दसवीं की शिवांगी कुमारी, श्रेया कर्ण, इच्छा कुमारी, मो. फैजान, प्रकाश कुमार ठाकुर, प्रिंस कुमार सहित 12वीं के दिनेश कुमार, सोनू कुमार महतो, रोशन कुमार मंडल, आरती कुमारी, दिव्या कुमारी, मुस्कान कुमारी, अनुष्का कुमारी आदि ने बताया कि प्रभारी एचएम अभिषेक कुमार द्वारा फार्म भराने का शुल्क तीन-तीन बार ले लिया गया. दसवीं के बच्चों से पहली बार 850 रुपये, उसके बाद 1050 रुपये पुनः 1160 रुपये लिये गये थे. वहीं 12वीं के बच्चों से फार्म भराने के नाम पर 15 सौ रुपये लिये गये थे, लेकिन अभीतक स्कूल द्वारा प्रवेश पत्र नहीं दिया जा रहा है. बच्चों ने बताया कि जानकारी मिली है कि एचएम द्वारा बिहार बोर्ड में फार्म और पैसा ही जमा नहीं किया गया. हंगामा की सूचना पर बीडीओ डीएल यादव, बीपीआरओ सह बीइओ अशोक कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे. एचएम से बात कर बच्चों को शांत कराया. बीडीओ ने बताया कि एचएम ने टेक्निकल कारणों से फार्म जमा नहीं होने की बात कही है. इस सप्ताह एडमिट कार्ड उपलब्ध करा देने के लिए कहा है. इस संबंध में प्रभारी बीइओ से भी फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया. दूसरी ओर प्रभारी एचएम अभिषेक कुमार ने फोन पर बताया कि वे अभी बोर्ड ऑफिस में ही हैं. फार्म जमा करने की अंतिम तिथि तीन नवंबर ही थी.उम्मीद थी कि तिथि पुनः आगे बढ़ेगी. इसी उम्मीद में फार्म जमा नहीं कर पाए थे. उन्होंने बताया कि 12वीं में कला में 133 बच्चे, विज्ञान में 64 तथा दसवीं में नियमित 145 व पूर्व के 10 बच्चों का फॉर्म जमा किया जाना था .उन्होंने फॉर्म जमा करने के लिए प्रयास किए जाने की बात कही. इधर बच्चों के भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं. पूर्व मुखिया श्रवण कुमार नायक ने बताया कि इस घटना की सूचना डीएम, डीइओ एवं बीपीआरओ को दे दी गयी है. 10 जनवरी से बच्चों का प्रैक्टिकल होना है. बच्चे एवं उनके अभिभावक सभी उहापोह की स्थिति में है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GAJENDRA KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >