Darbhanga News: ट्रेन की चपेट में आने से शेखपुरा की युवती बुरी तरह जख्मी

Darbhanga News:सकरी-हरनगर रेलखंड पर सोमवार की दोपहर ट्रेन की चपेट में आकर एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गयी.

Darbhanga News: बिरौल. सकरी-हरनगर रेलखंड पर सोमवार की दोपहर ट्रेन की चपेट में आकर एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गयी. जानकारी के अनुसार बिरौल के बलाठ गुमटी संख्या 24 ए पर करीब 2.50 बजे हरनगर से दरभंगा जा रही यात्री ट्रेन की चपेट में आने से एक युवती का बायां पैर और बायां हाथ कटकर अलग हो गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना 112 व थाना को दी. सूचना पर पुलिस वहां पहुंची. ग्रामीणों की मदद से घायल युवती को आनन-फानन में बिरौल अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. युवती की पहचान सुपौल बाजार स्थित शेखपुरा निवासी मो. सिकंदर की 25 वर्षीया पुत्री सितारा परवीन के रूप में हुई. युवती के परिजनों ने बताया कि सितारा मानसिक रूप से बीमार चल रही है. तीन दिन से वह घर से लापता थी. परिजन लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे. मां उल्फत खातून ने बताया कि बीमारी के कारण वह अक्सर घर से निकल जाती थी. हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. इस संबंध में थानाध्यक्ष चंद्रमणि कुमार ने बताया कि पुलिस ने घायल युवती को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है.

रंगदारी नहीं देने पर फायरिंग का आरोप, प्राथमिकी दर्ज

कुशेश्वरस्थान/कुशेश्वरस्थान पूर्वी. थाना क्षेत्र के पकाही निवासी अमोद कुमार यादव ने अपने फार्म हाउस पर जान मारने की नियति से कई राउंड गोली चलाने का आरोप लगाते हुए थाना में आवेदन दिया है. इसमें ग्रामीण पिता दिनेश यादव व उसका बेटा अनमोल यादव को आरोपित किया है. बताया है कि रविवार की शाम 5.30 बजे वह प्राथमिक विद्यालय के निकट अपने फार्म हाउस पर बैठा था. इसी दौरान बाप-बेटा पिस्टल लहराते हुए फार्म हाउस पर आ धमके. उल्टा-सीधा बातें करने लगे तो मैं घर के अंदर चला गया और गेट बंद कर लिया. इसपर बाप-बेटे ने दरवाजा खोलने के लिए कहा. बोला कि तुम हर महीने दस हजार रुपए रंगदारी दो नहीं तो अंजाम बुरा होगा. कोई जवाब नहीं देने पर दोनों ने फार्म हाउस पर कई राउंड गोली चलायी. फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े तो दोनों भाग गये. सूचना पर पहुंचे पुलिस पदाधिकारी ने घटनास्थल से पांच खोखा बरामद किया है. इस संबंध पूछने पर थानाध्यक्ष अंकित चौधरी ने बताया कि आवेदन मिला है. प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

मृतक के परिजनों को सौंपा चार लाख का चेक

कुशेश्वरस्थान पूर्वी. बज्रपात से मौत होने पर सीओ गोपाल पासवान ने मृतक की पत्नी को आपदा मद से चार लाख का चेक सौंपा. मालूम हो कि गत तीन अगस्त को बज्रपात से धनरोपनी के दौरान तिलकेश्वर पंचायत के तिलकेश्वर निवासी रामजतन मुखिया की मौत हो गयी थी. मौके पर किरणदेव मुखिया आदि मौजूद थे.

सीएम की सोच के अनुरूप हो रहा बेनीपुर विस का विकास: विनय चौधरी

विधायक ने दो योजनाओं का किया लोकार्पण

फोटो संख्या-26

परिचय- लोकार्पण कार्यक्रम में बोलते विधायक, मौजूद लोग.

बेनीपुर. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सोच के अनुरूप प्रदेश के सुदूर ग्रामीण इलाकों से भी अब राजधानी पटना की यात्रा छह घंटे के अंदर सुलभ हो गयी है. यह बात सोमवार को सजनपुरा पंचायत अंतर्गत कन्हौली व टेंगराही गांव में दो अलग-अलग विकास योजनाओं का लोकार्पण करते हुए विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने कही. इस दौरान विधायक ने मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत अपने ऐच्छिक कोष से नवनिर्मित भगवान शर्मा के घर से कमला पुल तक पीसीसी सड़क एवं टेंगराही गांव के दुर्गा मंदिर परिसर में छत्तदार चबूतरा का लोकार्पण किया. मौके पर उन्होंने कहा कि बिहार में न्याय के साथ विकास की जो यात्रा दो दशक पूर्व प्रारंभ की गयी, वह अनवरत जारी है और अगले पंचवर्षीय में यह गति और तेज होगी. मौके पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष कीर्ति मोहन झा, सजनपुरा के मुखिया कुंदन कुमार सिंह, पप्पू सिंह, नूनू प्रसाद महतो, प्रमुख चौधरी मुकुन्द राय, प्रेम कुमार झा, अजित कुमार साहु, निरंजन कुमार निराला सहित अन्य लोग उपस्थित थे. उपस्थित लोगों ने विधायक सहित अन्य गणमान्यों को माला व पाग-चादर से सम्मानित किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRABHAT KUMAR

PRABHAT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >