कुशेश्वरस्थान पूर्वी. पुलिस ने भिण्डुआ पंचायत के रंगेलीपुर गांव से वांछित अपराधी महेश्वर यादव के पुत्र कमलेश यादव को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. कमलेश लंबे समय से फरार चल रहा था. वह पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था. पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुख्यात पंकज यादव के गिरोह में शामिल कमलेश यादव ने इलाके में दहशत फैला रहा था. थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने रंगेलीपुर गांव स्थित घर पर छापेमारी कर कमलेश को गिरफ्तार कर लिया. इस बाबत थानाध्यक्ष ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि कमलेश यादव घर आया है. बिना समय गंवाए पुलिस बल के साथ रंगेलीपुर गांव पहुंचे. उसके घर को चारों तरफ से घेर लिया गया. इसकी भनक लगते ही बदमाश भागा, लेकिन पुलिस ने खदेड़कर उसे गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित पर कुशेश्वरस्थान, तिलकेश्वर व महिषी थाना में मारपीट, रंगदारी सहित कई गंभीर मामलों में प्राथमिकी दर्ज है. पुलिस को चकमा देकर वह लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि धराये बदमाश को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
