दरभंगा: घनश्यामपुर प्रखंड के पोहद्दी बेला गांव से 30 अगस्त को कथित रूप से लापता हुए 19 वर्षीय युवक अभिषेक कुमार देव को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है. मामले में युवक की मां रीना देवी की शिकायत पर उसके मामा राम कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. पुलिस ने आरोपित मामा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
वीडियो कॉल कर बहन से मांगी एक लाख रुपये की फिरौती
रीना देवी ने पुलिस को बताया कि 30 अगस्त की दोपहर करीब दो बजे उनका पुत्र अभिषेक अचानक घर से लापता हो गया. खोजबीन के दौरान जानकारी मिली कि अलीनगर थाना क्षेत्र के धमसाइन गांव निवासी उनके भाई राम कुमार अभिषेक को पोहद्दी हाईस्कूल के पास से बाइक पर बैठाकर ले गया था.
आरोप है कि शाम करीब चार बजे राम कुमार ने रीना देवी को वीडियो कॉल किया और अभिषेक को बंधक बनाने की बात कहते हुए एक लाख रुपये की फिरौती मांगी. रुपये नहीं देने पर अभिषेक को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है. महिला के अनुसार, वीडियो कॉल के दौरान उन्हें अपने बेटे के रोने की आवाज सुनायी दी. अभिषेक कथित तौर पर मामा से कह रहा था कि अब मत मारो मामू.
मधुबनी के बगीचे से बरामद हुआ युवक
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन युवक की तलाश में जुट गये. पुलिस की मदद से आरोपित के ससुराल क्षेत्र में कार्रवाई की गयी. इस दौरान मधुबनी जिले के आरएस थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर स्थित एक बगीचे से अभिषेक कुमार देव को बरामद कर लिया गया. पुलिस ने राम कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया.
बताया गया है कि अभिषेक मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज भी कराया जा चुका है.
इलाज में खर्च रुपये को लेकर था विवाद
थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि अभिषेक की मानसिक स्थिति खराब होने के कारण उसने मुंबई में उसके इलाज पर रुपये खर्च किये थे. बाद में उसने अपनी बहन से इलाज में खर्च हुई रकम मांगी, लेकिन बहन ने रुपये देने से इनकार कर दिया.
थानाध्यक्ष के अनुसार, इसी विवाद को लेकर गांव में पंचायत भी हुई थी, लेकिन मामले का समाधान नहीं हो सका. इसके बाद नाराज होकर आरोपित ने घटना को अंजाम देने की बात पूछताछ में बतायी है.
यह भी पढ़ें
सिंहवाड़ा में शराब के नशे में घर पहुंचकर हंगामा कर रहा युवक गिरफ्तार, मां ने डायल-112 पर दी सूचना
