दरभंगा बिजली समस्या: अहल्यास्थान पावर सब स्टेशन से जुड़े विद्युत आपूर्ति क्षेत्र में लोगों को बार-बार बिजली कटने की समस्या से जूझना पड़ रहा है. इसकी बड़ी वजह बिजली के खंभों, तारों और ट्रांसफार्मरों पर फैली जंगली बेल बताई जा रही है. कई जगहों पर हालत ऐसी है कि ट्रांसफार्मर पूरी तरह हरी बेल से ढक गए हैं, जबकि बेल बिजली के तारों तक चढ़ गई है. इससे शॉर्ट-सर्किट और ट्रिपिंग का खतरा लगातार बना हुआ है.
थोड़ी हवा या बारिश में गुल हो जाती है बिजली
तस्वीर में भी साफ देखा जा सकता है कि किस तरह ट्रांसफार्मर को जंगली बेल ने पूरी तरह घेर लिया है. स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि बेल के तारों तक पहुंच जाने के कारण थोड़ी सी हवा चलने या बारिश होने पर बिजली बाधित हो जाती है. ट्रिपिंग की समस्या इतनी बढ़ गई है कि लोगों को बार-बार बिजली कटने का सामना करना पड़ रहा है.
बिजली आपूर्ति बाधित होने से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ दुकानदारों और अन्य लोगों को भी परेशानी हो रही है. खासकर बारिश के मौसम में बिजली कटने की समस्या और बढ़ जाती है.
कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई सफाई
स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि ट्रांसफार्मर और बिजली की लाइनों पर फैली जंगली बेल को हटाने के लिए विभाग के कर्मियों से कई बार शिकायत की गई. इसके बावजूद अब तक कई जगहों पर सफाई का काम नहीं कराया गया है.
लोगों का कहना है कि समय रहते बेल की कटाई और सफाई नहीं कराई गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है. बिजली के उपकरणों और तारों के आसपास फैली घनी बेल से कभी भी शॉर्ट-सर्किट या अन्य बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है.
ट्रांसफार्मर तक पहुंचना भी हो सकता है मुश्किल
कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर पूरी तरह बेल से ढक जाने के कारण जरूरत पड़ने पर मरम्मत कार्य में भी परेशानी हो सकती है. किसी तकनीकी खराबी की स्थिति में कर्मियों को ट्रांसफार्मर तक पहुंचने में मुश्किल हो सकती है. ऐसे में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने की आशंका भी बढ़ जाती है.
उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग से अविलंब कार्रवाई की मांग की है. लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर, बिजली के खंभों और लाइनों से जंगली बेल हटाकर नियमित सफाई कराई जाए. इससे न केवल बार-बार होने वाली ट्रिपिंग और बिजली कटने की समस्या कम होगी, बल्कि संभावित हादसे के खतरे से भी बचाव हो सकेगा.
यह भी पढे़ं:
दरभंगा में छात्रों के लिए शुरू हुई खास व्यवस्था, हर महीने लगेगा स्पेशल सहयोग शिविर
