खुले आसमान के नीचे झुलस रहे भटवन व मधुवन के अग्नि पीड़ित

बड़गांव पंचायत के भटवन व मधुबन गांव के 73 अग्निपीड़ित परिवारों पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा है.

कुशेश्वरस्थान/कुशेश्वरस्थान पूर्वी. बड़गांव पंचायत के भटवन व मधुबन गांव के 73 अग्निपीड़ित परिवारों पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा है. खुले आसमान के नीचे तीखी धूप व तेज पछुआ हवा के थपेड़ों से झुलस रहे हैं. अग्निकांड में अपना सबकुछ गवां चुके इन परिवारों की गाड़ी पटरी पर आने में लंबा वक्त लगना तय है. इनके पास न तो सिर छिपाने के लिए आशियाना है और न ही अन्न, वस्त्र व नकदी ही बचा है. अग्निपीड़ित अपने बच्चों के साथ अंचल प्रशासन से मिले पॉलीथीन को टांगकर चिलचिलाती धूप में समय काटने को विवश हैं. अग्निपीड़ित विमल देवी, जोगिन्द्र यादव व सितविया देवी फफक-फफक कर रो पड़ती है. कहती है कि अगलगी की इस घटना ने कहीं का नहीं छोड़ा. न तो रात कटती है, और न ही दिन बीतता है.आंखो के सामने हर पल उस रात का दृश्य तैर जाता है. वर्षों से पेट काटकर जमा किया सारा सामान व पैसे अग्निदेव ने लील लिया. अब तो जीने का सहारा भी दूर-दूर तक नहीं दिख रहा. कैसी कटेगी परिजनों की जिंदगी, कहां से करेंगे भरण-पोषण, दो जून की रोटी का जुगाड़, यह चिंता खाये जा रही है. हालांकि सरकारी स्तर पर इन पीड़ितों के लिए सामुदायिक किचेन का संचालन किया जा रहा है. इसमें पीड़ितों को दोनो समय पका हुआ भोजन दिया जा रहा है. प्रभारी राजस्व पदाधिकारी दीपू कुमार ने बताया कि सामुदायिक किचेन में तीन सौ लोगों को दिन-रात भोजन कराया जा रहा है. भटवन व मधुबन के 61 अग्निपीड़ितों को मिला 12-12 हजार का चेक कुशेश्वरस्थान. सीओ राकेश सिंह यादव ने शनिवार को 61 अग्नि पीड़ित परिवारों के बीच आपदा मद की सहायता राशि का चेक वितरण किया. भटवन व मधुबन में घर-घर जाकर 12-12 हजार का चेक सौंपा. चेक मिलने पर पीड़ित रंजीत यादव, मनटुन यादव, प्रमोद यादव सहित अनेक लोगों ने कहा कि इस चेक को हमलोग कहां कैश करायेंगे. बैंक पासबुक भी जलकर खाक हो गया. आधार कार्ड, बैंक पासबुक सहित सभी कागजात नष्ट हो चुके हैं. ऐसे में बैंक की दौड़ लगाते कई महीने बीत जायेंगे, तब भी चेक क्लियर नहीं होगा. इसपर सीओ ने परिवार के आधार व संबंधित बैंक से सम्पर्क स्थापित कर पासबुक बनवाने में सहयोग करने की बात कही. मौके पर प्रभारी राजस्व पदाधिकारी दीपू कुमार, राजस्व कर्मचारी सन्नी कुमार, विनोद कुमार, त्रिभुवन कुमार, दिलखुश कुमार, पूर्व मुखिया बादल सिंह, मुखिया अविनाश कुमार आजाद सहित अनेक लोग मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DIGVIJAY SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >