Darbhanga News: स्थानीय बाजार में कथित रूप से नकली उत्पादों की बिक्री की सूचना पर शनिवार को मुंबई हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में विशेष जांच टीम ने छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान चार दुकानों की जांच की गई, जहां से विभिन्न ब्रांड के कथित डुप्लीकेट एवं नेपाल निर्मित उत्पाद जब्त किए गए. इस कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया.
कोर्ट कमिश्नर के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
चार सदस्यीय जांच टीम सबसे पहले सिंहवाड़ा थाना पहुंची. वहां से एएसआई संजय कुमार और पुलिस बल के साथ टीम दुर्गा मंदिर के समीप स्थित बाजार पहुंची. बॉम्बे हाईकोर्ट में विचाराधीन हिंदुस्तान यूनिलीवर बनाम अशोक कुमार मामले में प्रतिनियुक्त कोर्ट कमिश्नर हर्षवर्धन जोशी के नेतृत्व में गोपाल श्रृंगार, पूजा स्टोर, प्रिंस जनरल स्टोर और सुहागन श्रृंगार एवं ब्यूटी पार्लर की जांच की गई.
कथित डुप्लीकेट और नेपाल निर्मित उत्पाद जब्त
जांच के दौरान विभिन्न ब्रांड के कथित डुप्लीकेट एवं नेपाल निर्मित उत्पाद बरामद किए गए, जिन्हें टीम ने जब्त कर लिया. कोर्ट कमिश्नर हर्षवर्धन जोशी ने बताया कि सबसे अधिक सामग्री प्रिंस जनरल स्टोर और सुहागन श्रृंगार एवं ब्यूटी पार्लर से मिली है.
चार दुकानदारों को 15 अक्तूबर को हाईकोर्ट में पेश होने का नोटिस
कोर्ट कमिश्नर ने बताया कि यह कार्रवाई मुंबई हाईकोर्ट के आदेश पर की गई है. सभी संबंधित दुकानदारों को चेतावनी देते हुए 15 अक्तूबर को बॉम्बे हाईकोर्ट में उपस्थित होने का नोटिस दिया गया है. जांच के दौरान लक्मे, पोंड्स और फेयर एंड लवली समेत अन्य ब्रांड के कथित डुप्लीकेट एवं नेपाल निर्मित उत्पाद मिले हैं.
