दरभंगा: एनएच-27 को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए चला विशेष अभियान, बिठौली से सिमरी चौक तक कार्रवाई

दरभंगा के सिमरी क्षेत्र में एनएच-27 को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया. बिठौली से सिमरी चौक तक सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया. पढ़ें पूरी खबर...

दरभंगा के सिंहवाड़ा से अजय यादव की रिपोर्ट

Darbhanga News: सिंहवाड़ा प्रखंड क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए बुधवार को विशेष अभियान चलाया गया. जिला पदाधिकारी दरभंगा के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत सिमरी थाना क्षेत्र के बिठौली से सिमरी चौक तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया. प्रशासन की कार्रवाई से दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया.

संयुक्त टीम ने चलाया अभियान

जिला हाईवे सुरक्षा टास्क फोर्स की बैठक में लिए गए निर्णय के आलोक में एनएचएआई, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी विवेक चंद्र पटेल, ईएसआई शिवानी कुमारी, अंचलाधिकारी नेहा कुमारी, हाईवे डीपीएम रणधीर सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.

साथ ही सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार, अपर थानाध्यक्ष शशि शंकर, दरोगा लाल कृष्ण यादव और बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी.

पहले दी गई थी चेतावनी

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए पहले माइकिंग कर लोगों को स्वयं कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था. इसके बावजूद कई लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया, जिसके बाद प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी.

अमीनों द्वारा भूमि का सीमांकन कर अतिक्रमित क्षेत्र को चिह्नित किया गया था और संबंधित लोगों को तत्काल अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था.

सड़क सुरक्षा के लिए जारी रहेगा अभियान

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए एनएच-27 को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा. सड़क किनारे बने अवैध अस्थायी और स्थायी ढांचों को हटाया जाएगा.

अधिकारियों ने यह भी कहा कि हाईवे किनारे अवैध पार्किंग और अन्य बाधाओं के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >