इलेक्ट्रिक गाड़ी खरीदने पर सरकार दे रही हजारों रुपए की मदद, महिलाओं को मिलेंगे अधिक फायदे

पेट्रोल-डीजल के बढ़ते खर्च से परेशान लोगों का रुझान अब इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर बढ़ रहा है. दरभंगा में तीन महीने के दौरान 235 ई-वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ, जिसमें सवारी इलेक्ट्रिक थ्री व्हीलर और ई-रिक्शा की मांग सबसे ज्यादा रही.

दरभंगा इलेक्ट्रिक व्हीकल: पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच दरभंगा जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है. सरकार की प्रोत्साहन नीति और कम परिचालन खर्च के कारण लोग अब ई-वाहनों की ओर आकर्षित हो रहे हैं. शहर से लेकर ग्रामीण सड़कों तक दोपहिया, चारपहिया, ई-रिक्शा, सवारी थ्री व्हीलर और मालवाहक इलेक्ट्रिक वाहन बड़ी संख्या में दौड़ रहे हैं. कुछ लोग पेट्रोल और बैटरी, दोनों से चलने वाले हाइब्रिड मॉडल को भी पसंद कर रहे हैं.

जिला परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले तीन महीने में जिले में 235 इलेक्ट्रिक वाहनों का निबंधन हुआ है. इनमें सबसे अधिक संख्या सवारी इलेक्ट्रिक थ्री व्हीलर और ई-रिक्शा की है. विभाग का मानना है कि आने वाले समय में यह संख्या और तेजी से बढ़ सकती है.

तीन महीने में 146 इलेक्ट्रिक थ्री व्हीलर का रजिस्ट्रेशन

परिवहन विभाग के अनुसार पिछले तीन माह में 146 सवारी इलेक्ट्रिक थ्री व्हीलर का निबंधन हुआ है. इसके अलावा 69 ई-रिक्शा, 8 ई-रिक्शा कार्ट, 9 इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल या स्कूटर, 2 मालवाहक इलेक्ट्रिक थ्री व्हीलर और एक गुड्स कैरियर का रजिस्ट्रेशन किया गया है.

आंकड़ों से साफ है कि सार्वजनिक परिवहन और छोटे कारोबार से जुड़े लोग इलेक्ट्रिक वाहनों को तेजी से अपना रहे हैं. कम खर्च में अधिक दूरी तय करने की सुविधा ई-रिक्शा और सवारी थ्री व्हीलर की मांग बढ़ने की बड़ी वजह बन रही है.

महिलाओं को चारपहिया खरीदने पर मिलेंगे एक लाख रुपये

नई इलेक्ट्रिक वाहन नीति के तहत सरकार की ओर से अलग-अलग श्रेणियों के लिए प्रोत्साहन राशि का प्रावधान किया गया है. महिलाओं को इलेक्ट्रिक चारपहिया वाहन खरीदने पर प्रति वाहन एक लाख रुपये तक का प्रोत्साहन दिया जा रहा है. वहीं, इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन खरीदने पर महिलाओं को 12 हजार रुपये की सहायता मिल सकती है.

सामान्य वर्ग के लोगों के लिए इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन पर 10 हजार रुपये, जबकि एससी-एसटी वर्ग के लाभार्थियों के लिए 12 हजार रुपये की सहायता का प्रावधान है. मालवाहक इलेक्ट्रिक थ्री व्हीलर पर सामान्य वर्ग को 50 हजार और एससी-एसटी वर्ग को 60 हजार रुपये तक की सहायता दी जाएगी.

चार्जिंग स्टेशन बढ़ाने पर भी जोर

डीटीओ रवि कुमार आर्य ने बताया कि इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है. पेट्रोल पंप, होटल, मॉल, बहुमंजिली इमारतों और सार्वजनिक पार्किंग स्थलों पर चार्जिंग स्टेशन की सुविधा बढ़ाने की योजना है.

उन्होंने बताया कि ई-वाहनों को बढ़ावा मिलने से प्रदूषण में कमी आएगी. साथ ही महिलाओं, युवाओं और छोटे कारोबारियों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.

यह भी पढे़ं:

बिहार संपर्क क्रांति, शहीद एक्सप्रेस और अमृत भारत का बदलेगा रूट, कई स्टेशनों पर नहीं होगा ठहराव


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राज कुमार रंजन

राज कुमार रंजन दो दशक से अधिक समय से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राष्ट्रीय समाचार पत्रों में काम कर चुके रंजन प्रशासनिक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में गहरी पैठ रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >