Darbhanga News: मिथिला के प्रसिद्ध बाबा धाम कुशेश्वरनाथ मंदिर में सावन की पहली सोमवारी पर करीब डेढ़ लाख शिवभक्तों के आगमन की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. मंगलवार को दरभंगा के जिलाधिकारी (डीएम) कौशल कुमार, एसएसपी जगुन्नाथ रेड्डी जलारेड्डी और ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी ने बाबा कुशेश्वरनाथ धाम, मेला क्षेत्र और श्रद्धालुओं के पैदल मार्ग का विस्तृत निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने का कड़ा निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की टीम ने मंदिर परिसर, बैरिकेडिंग व्यवस्था, पार्किंग स्थल, पैदल मार्ग, स्वास्थ्य शिविरों, पेयजल आपूर्ति, अस्थायी शौचालयों, विद्युत आपूर्ति और साफ-सफाई की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की. डीएम ने सभी कार्यदायी विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी बुनियादी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए.
सीसीटीवी से होगी 24 घंटे निगरानी
एसएसपी ने मंदिर परिसर, मुख्य पहुंच मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों तथा ट्रैफिक जवानों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पूरे मेला क्षेत्र की 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से डिजिटल निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके.
सीएचसी चौक पर जलजमाव और रास्ते के अवरोध हटाने का आदेश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीएचसी चौक के समीप सड़क पर जमा पानी (जलजमाव) का संज्ञान लिया और संबंधित विभाग को तुरंत इसका स्थायी समाधान निकालने का निर्देश दिया. इसके साथ ही गजेंद्र बाबू धर्मशाला के पास श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही में बाधा बन रहे सभी तरह के अतिक्रमण और अवरोधों को अविलंब हटाने का हुक्म दिया गया.
न्यास समिति के साथ बैठक कर बनी भीड़ नियंत्रण की रणनीति
निरीक्षण के पश्चात डीएम और एसएसपी ने मंदिर न्यास समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की. बैठक में भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई, आपदा प्रबंधन और विभागीय समन्वय पर विस्तार से चर्चा हुई. अधिकारियों ने कहा कि सभी विभाग आपस में समन्वय बनाकर काम करें ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुलभ और शांतिपूर्ण दर्शन की सुविधा मिल सके. इस मौके पर एसडीओ शशांक राज, एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी, बीडीओ प्रभा शंकर मिश्रा, सीओ राकेश रोशन भारती, नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी गोपाल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और न्यास समिति के सदस्य मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: दरभंगा में LNMU की पीजी छात्रा की संदिग्ध मौत, परिजनों ने खारिज की खुदकुशी की बात
