Alinagar News: अलीनगर अंचल क्षेत्र के धमुआरा गांव में गुरुवार देर रात हुई भीषण आगलगी की घटना में एक पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा. आग की चपेट में आने से एक गाय, एक बाछी और पांच बकरियों की झुलसकर मौत हो गई, जबकि तीन बकरियां गंभीर रूप से झुलस गईं. आग में जलावन, पशुचारा और अन्य घरेलू सामग्री भी जलकर राख हो गई.
मवेशी घर में अचानक लगी आग
जानकारी के अनुसार धमुआरा गांव निवासी मोहीउद्दीन शेख के मवेशी एवं जलावन घर में अचानक आग लग गई. आग तेजी से फैलने के कारण उसमें बंधे पशु बाहर नहीं निकल सके और झुलसकर उनकी मौत हो गई. हालांकि तीन बकरियां किसी तरह बाहर निकल आईं, लेकिन वे भी गंभीर रूप से झुलस गई हैं.
ग्रामीणों ने किया बचाव, दमकल पहुंचने में हुई देरी
आग लगने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया. बेनीपुर अग्निशमन सेवा केंद्र को भी सूचना दी गई, लेकिन दमकल वाहन के देर से पहुंचने के कारण समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जा सका. इससे मवेशी घर और उसमें रखा सामान पूरी तरह जल गया.
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
आगलगी के कारणों का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है. हालांकि ग्रामीणों के बीच शॉर्ट सर्किट से आग लगने की चर्चा है. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
प्रशासन और पशु चिकित्सक ने लिया जायजा
घटना की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी और पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने नुकसान का आकलन किया, जबकि पशु चिकित्सा पदाधिकारी ने मृत एवं झुलसे पशुओं की जांच कर आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी.
यह भी पढ़ें:
कान में माचिस की तीली या पिन डालना पड़ सकता है भारी, जानिए डॉक्टर की सलाह
