Darbhanga News: तालाब में उपलाते मिला आठ वर्षीय बालक का शव, जांच में जुटी पुलिस

Darbhanga News:पटनिया गांव में रविवार की सुबह एक दिन पूर्व लापता आठ वर्षीय बालक का तालाब में उपलाते हुए शव मिलने से सनसनी फैल गई.

Darbhanga News: बिरौल. पटनिया गांव में रविवार की सुबह एक दिन पूर्व लापता आठ वर्षीय बालक का तालाब में उपलाते हुए शव मिलने से सनसनी फैल गई. यह खबर फैलते ही तालाब किनारे लोगों की भीड़ लग गयी. शव की पहचान गांव के ही भोग्या टोल निवासी राजेंद्र पासवान के आठ वर्षीय पुत्र गोलू पासवान के रूप में हुई. बताया जाता है कि गोलू शनिवार की सुबह घर से विद्यालय जाने के लिए निकला था, जो वापस नहीं लौटा. देर शाम तक उसके घर नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. इसी बीच अगले दिन सुबह गांव के कुछ लोग तालाब किनारे गये तो वहां एक शव तैरता हुआ दिखा. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस वहां पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया. इधर गोलू का शव मिलने से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. पिता राजेंद्र पासवान, माता कंचन देवी व दादा-दादी का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था. दादा-दादी बार-बार बेहोश हो रहे थे. रोते हुए कह रहे थे कि मेरा दुलरुआ पोता आब दुनिया में नहीं रहलै. परिजनों के करुण क्रंदन देखकर ग्रामीणों की आंखें भी नम हो जा रही थी. छोटे भाई-बहन यह समझ नहीं पा रहे थे कि उनका भाई अब इस दुनिया में नहीं रहे. स्थानीय मुखिया रीता देवी ने सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है. इस संबंध में थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. घटना के कारण का पता लगाया जा रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >