Darbhanga Weather: दरभंगा के कमतौल क्षेत्र में बुधवार शाम करीब सात बजे अचानक आई तेज आंधी और बारिश से अहल्यास्थान और मुरैठा पावर सब स्टेशन से जुड़े इलाकों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है. लगातार 12 घंटे से बिजली गुल रहने से जनजीवन प्रभावित है. जगह-जगह पेड़ गिरने से बिजली के तार टूट गए हैं, जबकि कई स्थानों पर पोल और ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं. 33 केवी और 11 केवी लाइन को भारी नुकसान पहुंचा है. विभागीय कर्मी लगातार मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं, लेकिन आपूर्ति बहाल करने में समय लगने की संभावना है. ग्रामीणों को मोबाइल चार्जिंग और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
फसल और संचार व्यवस्था को भी नुकसान
कृषि विज्ञान केंद्र जाले सहित कई गांवों में तेज आंधी से आम, केला और अन्य फलदार पौधों को भारी नुकसान हुआ है. कई पेड़ जड़ से उखड़ गए हैं. कमतौल हाई स्कूल के पास स्थित बीएसएनएल टावर भी आंधी की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे संचार व्यवस्था प्रभावित हुई है.
चिरैया में वृद्ध की मौत
मोतिहारी के चिरैया प्रखंड के फेनहारा गांव में आंधी के दौरान 65 वर्षीय रामेश्वर राम की मौत हो गई. वे तेज झोंके की चपेट में आ गए थे. घटना के बाद गांव में शोक की लहर है.
समस्तीपुर में जलजमाव से जनजीवन प्रभावित
समस्तीपुर में पूरी रात रुक-रुककर हुई बारिश से कई इलाकों में एक से डेढ़ फीट तक पानी भर गया. निचले इलाकों के घरों और खेतों में पानी घुस गया है, जिससे सब्जी की फसल को नुकसान पहुंचा है. कई ग्रामीण सड़कों पर भी जलजमाव हो गया है.
मोतिहारी में 12 उपकेंद्र ठप
पूर्वी चंपारण में आंधी से 12 बिजली उपकेंद्र बंद हो गए हैं. बेलिसराय और छितौनी क्षेत्र में दोपहर तक बिजली बहाल होने की संभावना है. बालगंगा से सिंघिया गुमटी तक कई पोल और तार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं. अधिकारी मरम्मत कार्य में जुटे हैं.
यह भी पढे़ं: दरभंगा में मौत को दावत देते बाइक सवार, जाम से बचने को पटरी पर दौड़ी गाड़ी
दरभंगा से शिवेंद्र कुमार, चिरैया से जितेंद्र कुमार, समस्तीपुर से गिरजानंदन शर्मा और मोतिहारी से अभिषेक कुमार की रिपोर्ट
