MP Gopal Ji Thakur: स्थानीय सांसद एवं लोकसभा में भाजपा के सचेतक गोपालजी ठाकुर ने गुरुवार को केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर दरभंगा में चल रही शहरी विकास परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने का आग्रह किया.
अमृत-2.0 योजना के तहत 186 करोड़ की जलापूर्ति परियोजना
मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अमृत-2.0 योजना के तहत दरभंगा के लिए 186.16 करोड़ रुपये की जलापूर्ति परियोजना स्वीकृत हो चुकी है और इसकी निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इसके अलावा सीवरेज एवं सेप्टेज प्रबंधन, जलाशयों के पुनरुद्धार, पार्क विकास और अन्य शहरी विकास परियोजनाओं पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है.
आवास और नागरिक सुविधाओं पर भी हुई चर्चा
सांसद गोपालजी ठाकुर ने प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि, स्वच्छ भारत मिशन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़े विषयों पर भी केंद्रीय मंत्री के साथ चर्चा की.
उन्होंने कहा कि दरभंगा कमिश्नरी मुख्यालय होने के कारण तेजी से विकसित हो रहा है. ऐसे में केंद्र सरकार से स्वीकृत सभी परियोजनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है, ताकि शहर को आधुनिक, स्वच्छ और बेहतर नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाया जा सके.
