दरभंगा: लोहिया चौक पर छात्रों के प्रदर्शन में हंगामा, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

दरभंगा में जंतर-मंतर के समर्थन में हुए छात्र प्रदर्शन के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया. लोहिया चौक पर कुछ प्रदर्शनकारी उग्र हो गए, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है.

Darbhanga Student Protest: दरभंगा में छात्रों के प्रदर्शन के बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया. लहेरियासराय थाना क्षेत्र के लोहिया चौक पर प्रदर्शन समाप्त होने के बाद कुछ प्रदर्शनकारी आक्रोशित हो गए. इस दौरान पुलिस पर पथराव किए जाने की भी सूचना है, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया. इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और हालात पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है. जानकारी के अनुसार, दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में दरभंगा में छात्रों ने प्रदर्शन किया था.

पुलिस पर पथराव, फिर हुआ लाठीचार्ज

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव किया गया. इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया. घटना के बाद लोहिया चौक कुछ समय के लिए रणक्षेत्र में तब्दील हो गया. घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी मनोज तिवारी, डीएम कौशल कुमार और एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारी हालात की निगरानी कर रहे हैं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है.

सुबह ही हुई थी मॉक ड्रिल

बता दें, इसी दिन सुबह पुलिस लाइन में कानून-व्यवस्था से निपटने के लिए मॉक ड्रिल भी आयोजित की गई थी. इसके कुछ घंटों बाद ही लोहिया चौक पर प्रदर्शन के दौरान तनाव की स्थिति बन गई.

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है. फिलहाल स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास जारी है. घटना में किसी के घायल होने या गिरफ्तार किए जाने की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

यह भी पढे़ं: दरभंगा: स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए निर्देश


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >