दरभंगा सदर से अशोक झा की रिपोर्ट
Darbhanga News: सदर शंकरपुर कंसी वार्ड संख्या-4 में सरकारी सड़क की जमीन को अतिक्रमणमुक्त नहीं कराए जाने का मामला अब प्रशासनिक लापरवाही और अधिकारियों की ढुलमुल नीति का बड़ा उदाहरण बनता जा रहा है.
स्थानीय लोगों ने सदर सीओ रंधीर कुमार के रवैये पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया है कि राजस्व सचिव पटना द्वारा अतिक्रमण हटाने का आदेश जारी होने के बावजूद आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है.
कई बार दिया गया आवेदन
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की जमीन खाली कराने को लेकर सदर सीओ, अनुमंडल कार्यालय तथा जिला लोक शिकायत निवारण कार्यालय तक कई बार आवेदन दिया जा चुका है.
लेकिन अधिकारी सिर्फ आश्वासन देकर मामले को टालते रहे. करीब दो वर्षों से यह मामला फाइलों में दबा पड़ा है, जबकि मौके पर अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है.
गांव में आवागमन हुआ मुश्किल
स्थानीय निवासी शंभू प्रसाद, विद्यानंद गुप्ता सहित दर्जनों ग्रामीणों ने बताया कि रास्ता अतिक्रमित रहने के कारण गांव में वाहन का प्रवेश लगभग असंभव हो गया है.
एम्बुलेंस, चारपहिया वाहन और जरूरी सेवाओं के आवागमन में भारी परेशानी हो रही है. ग्रामीणों ने बताया कि गांव में किसी लड़की की शादी होने पर विदाई के समय दुल्हन को करीब आधा किलोमीटर पैदल चलाकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है. इसके बाद ही वाहन तक पहुंचना संभव हो पाता है.
सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अतिक्रमित सरकारी जमीन पर निजी व्यक्ति द्वारा अवैध निर्माण भी कराया जा रहा है. वहीं जनवितरण प्रणाली की दुकान और गोदाम तक संचालित किया जा रहा है.
इसके बावजूद प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर सरकार सरकारी जमीन और रास्तों को अतिक्रमणमुक्त कराने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर जिम्मेदार अधिकारी आदेशों की अनदेखी कर रहे हैं.
आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे.
इधर सदर सीओ रंधीर कुमार से संपर्क करने पर उन्होंने किसी व्यस्त कार्य में शामिल होने की बात कही.
