दरभंगा रेल ओवरब्रिज: रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन गुजरने का इंतजार अब मिल्की और आसपास के लोगों के सफर में बड़ी बाधा नहीं बनेगा. मुरैठा स्टेशन के निकट मिल्की गांव के पास रेलवे क्रॉसिंग पर रोड ओवरब्रिज (ROB) निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गयी है. बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड ने प्रशासनिक स्वीकृति के बाद इसके लिए निविदा जारी कर दी है. आरओबी बनने से दरभंगा के साथ सीतामढ़ी और मधुबनी की ओर आने-जाने वाले लोगों को जाम और अनावश्यक ठहराव से राहत मिलने की उम्मीद है.
820 मीटर लंबा और दो लेन का होगा आरओबी
प्रस्तावित आरओबी की लंबाई करीब 820 मीटर होगी और यह दो लेन का बनाया जाएगा. इसमें पक्के शोल्डर के साथ दोनों ओर सर्विस रोड का प्रावधान किया गया है. वाहनों की सुरक्षा के लिए क्रैश बैरियर, सेफ्टी कर्ब और स्टील रेलिंग भी लगायी जाएगी.
ट्रेन आने पर नहीं रोकना पड़ेगा वाहन
मिल्की रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन के गुजरने के दौरान वाहनों को फाटक खुलने का इंतजार करना पड़ता है. व्यस्त समय में इससे जाम की स्थिति बन जाती है. आरओबी बनने के बाद वाहनों को रेलवे फाटक पर रुकने की जरूरत नहीं होगी. इससे यात्रियों का समय बचेगा और आवागमन भी अधिक सुगम होगा.
यह भी पढे़ं:
दरभंगा में पेयजल संकट पर DM सख्त, शिकायत मिलते ही टैंकर से पानी पहुंचाने का निर्देश
शोभन-मकिया सड़क परियोजना से जुड़ेगा
मिल्की आरओबी शोभन चौक से मकिया तक निर्माणाधीन करीब 216 करोड़ रुपये की सड़क परियोजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है. आरओबी के निर्माण से इस पूरे मार्ग की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी. प्रस्तावित आरओबी का एप्रोच मिल्की गांव के निकट से शुरू होकर वहीं समाप्त होगा.
जल निकासी और सुरक्षा की भी व्यवस्था
आरओबी पर आरसीसी यू-ट्रफ, ड्रेनेज और च्यूट ड्रेन की व्यवस्था की जाएगी. इससे बारिश के दौरान पानी की निकासी में परेशानी नहीं होगी. सड़क पर सुरक्षित यातायात के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम भी किये जाएंगे.
विधायक ने बताया ड्रीम प्रोजेक्ट
पूर्व मंत्री एवं जाले विधायक जीवेश कुमार ने शोभन-मकिया सड़क और मिल्की के पास बनने वाले आरओबी को अपना ड्रीम प्रोजेक्ट बताया. उन्होंने कहा कि परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और विकास को गति मिलेगी. विधायक ने परियोजना की स्वीकृति और क्रियान्वयन में पहल के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र के प्रति आभार जताया.
यह भी पढे़ं:
बिहार बोर्ड छात्रों के लिए जरूरी खबर, स्क्रूटनी के बाद बदली मार्कशीट 21 अगस्त से मिलेगी
