दरभंगा तारामंडल में बनेगा अंतरिक्ष नवाचार केंद्र, इसरो के सहयोग से युवाओं को मिलेंगे अवसर

दरभंगा जिले के लिए बड़ी खुशखबरी! तारामंडल में अत्याधुनिक अंतरिक्ष नवाचार केंद्र की स्थापना को ISRO की मंजूरी मिल गई है. यह पहल मिथिला क्षेत्र के युवाओं को विज्ञान, तकनीक और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अभूतपूर्व अवसर प्रदान करेगी.

Space Innovation Centre: दरभंगा जिले के लोगों और खासकर युवाओं के लिए एक बेहद खुशखबरी सामने आई है. दरभंगा तारामंडल में अत्याधुनिक अंतरिक्ष गैलरी और अंतरिक्ष नवाचार केंद्र की स्थापना के प्रस्ताव को भारतीय अंतरिक्ष आयोग ने अपनी आधिकारिक सहमति प्रदान कर दी है. इस महत्वपूर्ण पहल से अब मिथिला क्षेत्र के युवाओं को विज्ञान, तकनीक और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अभूतपूर्व अवसर प्राप्त होंगे.

Darbhanga Planetarium: सांसद गोपालजी ठाकुर के प्रयासों को मिली सफलता

सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक गोपालजी ठाकुर को भारतीय अंतरिक्ष आयोग के चेयरमैन डॉ. वी. नारायण द्वारा भेजे गए पत्र के माध्यम से इस बात की जानकारी मिली है. सांसद ने गत 27 जुलाई को पत्र प्रेषित कर इस प्रस्ताव पर अपनी सहमति देने का विशेष आग्रह किया था. सांसद गोपालजी ठाकुर ने कहा कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) की इस सकारात्मक पहल से मिथिला की पावन धरती से विज्ञान, नवाचार और विकसित भारत के संकल्प को एक नई और मजबूत गति मिलेगी.

तकनीकी मार्गदर्शन और समन्वय के लिए अधिकारी नामित

इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए तकनीकी मार्गदर्शन की प्रक्रिया का श्रीगणेश कर दिया गया है. इसके साथ ही इसरो मुख्यालय के डायरेक्टर जी. हरिकृष्णन को इस पूरे प्रोजेक्ट के तकनीकी समन्वय के लिए संपर्क अधिकारी के रूप में नामित किया गया है. आने वाले अगले चरण के तहत बहुत जल्द स्थल का निरीक्षण किया जाएगा और एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सकेगी.

अंतरिक्ष विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में खुलेंगे नए द्वार

इस केंद्र के बन जाने से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं और युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान, आधुनिक तकनीकों और अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में गहराई से अध्ययन करने के नए अवसर मिलेंगे. स्थानीय स्तर पर ही छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी आधुनिक प्रदर्शनियों और जानकारियों का लाभ मिल सकेगा, जिससे क्षेत्र में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा मिलेगा और युवा वर्ग अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में अपना भविष्य संवार सकेंगे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >