दरभंगा से सतीश कुमार की रिपोर्ट
Darbhanga News: शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है.डीएम कौशल कुमार की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में शहर में बढ़ते यातायात दबाव और सड़क अतिक्रमण को लेकर गंभीर विमर्श किया गया.
लागू होगी वन–वे व्यवस्था
डीएम ने ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए कर्पूरी चौक से दोनार चौक तक वन-वे यातायात व्यवस्था लागू करने का कड़ा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया है.इस नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य शहर में लगने वाले जाम को कम करना तथा आमलोगों के आवागमन को सुचारु बनाना है.हालांकि, एम्बुलेंस सेवा पूर्ववत संचालित रहेगी ताकि आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में कोई बाधा न आए.
नो ट्रैफिक जोन होंगे विकसित, हटेंगे ठेले और दुकानें
शहर की सड़कों को साफ और चौड़ा रखने के लिए डीएम ने लहेरियासराय टावर से लोहिया चौक तक सड़क के दोनों ओर लगे अस्थायी अतिक्रमण को हटाने का निर्देश दिया है.सड़क किनारे से ठेला, सब्जी विक्रेता, फल विक्रेता और अन्य अवैध दुकानों को हटाया जाएगा.इसके साथ ही चयनित क्षेत्रों को ‘नो ट्रैफिक जोन’ के रूप में विकसित किया जाएगा ताकि वहां यातायात नियंत्रण के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके.
हाईवे पर ट्रकों की अवैध पार्किंग पर रोक
समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर होने वाली दुर्घटनाओं और जाम को रोकने के लिए भी रणनीति बनी.डीएम ने निर्देश दिया कि हाईवे पर ट्रकों का अनधिकृत ठहराव एवं पार्किंग किसी भी परिस्थिति में नहीं होने दी जाएगी.संबंधित थानाध्यक्षों को इसकी नियमित निगरानी और अनुपालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है.डीएम ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा है.
