दरभंगा के तारडीह से विनोद कुमार की रिपोर्ट
Darbhanga News: प्रखंड क्षेत्र में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार गुरुवार को पूरे उत्साह, हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया जा रहा है. त्योहार को लेकर सुबह से ही क्षेत्र के मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में भारी चहल-पहल और त्योहार की रौनक दिखाई दी. नमाज अदा करने और सुन्नत-ए-इब्राहिमी के तहत कुर्बानी का फर्ज निभाने के लिए बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखा गया.
सज-धजकर ईदगाह पहुंचे नमाजी
बकरीद के इस मुबारक मौके पर सुबह से ही लोग नए-नए वस्त्र पहनकर, इत्र लगाकर और सज-धजकर नमाज अदा करने के लिए जामा मस्जिद और स्थानीय ईदगाहों की ओर रवाना हुए. नमाज संपन्न होने के बाद देश में अमन-चैन, तरक्की और भाईचारे की दुआएं मांगी गईं. इसके बाद सभी ने एक-दूसरे से गले मिलकर त्योहार की बधाई दी. घरों में कुर्बानी का दौर शुरू होने पर मेहमानों और रिश्तेदारों के आने-जाने का सिलसिला लगातार जारी रहा, जिसमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी पूरे उत्साह के साथ शरीक हुए.
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन रहा अलर्ट
त्योहार के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया. संवेदनशील स्थानों और प्रमुख चौक-चौराहों पर चौकीदारों की तैनाती की गई थी. स्थानीय थाने की पेट्रोलिंग पार्टी लगातार क्षेत्र में गश्त लगाती रही ताकि असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा सके. प्रशासनिक सतर्कता और आम लोगों के सहयोग से पूरा त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो रहा है.
