Darbhanga News: बिहार के हवाई यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. परिवहन, पर्यटन एवं संस्कृति संबंधी स्थायी संसदीय समिति की बैठक में पटना, दरभंगा और गया एयरपोर्ट के रनवे विस्तार को मंजूरी दे दी गई है. समिति के अध्यक्ष संजय कुमार झा ने बताया कि इस बैठक में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे, जहां बिहार में आधुनिक विमानन अवसंरचना के विकास पर सहमति बनी है.
दरभंगा बनेगा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दो हफ्ते में मिलेगी जमीन
दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. इसके रनवे को 12,000 फीट तक बढ़ाने और आवश्यक लाइटिंग के लिए राज्य सरकार ने 90 एकड़ भूमि का अधिग्रहण पूरा कर लिया है, जिसे दो सप्ताह में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को सौंप दिया जाएगा. संजय कुमार झा के अनुसार, दरभंगा से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने से मिथिला और उत्तर बिहार में विकास का नया युग शुरू होगा.
पटना, पूर्णिया और गया एयरपोर्ट का भी बदलेगा स्वरूप
पटना एयरपोर्ट को सुरक्षित बनाने के लिए रनवे का 300 मीटर विस्तार किया जाएगा, जिसके लिए राज्य सरकार से 49 एकड़ जमीन मांगी गई है. पूर्णिया एयरपोर्ट के नए स्थायी टर्मिनल भवन के लिए जल्द ही टेंडर जारी होगा. इसके अलावा, गया एयरपोर्ट के रनवे विस्तार, राजगीर को एविएशन मैप पर लाने और सुल्तानगंज में नए एयरपोर्ट की व्यवहार्यता रिपोर्ट सकारात्मक आने पर चर्चा हुई. जून 2026 तक मुजफ्फरपुर, बीरपुर, वाल्मीकिनगर और सहरसा से छोटे विमानों के संचालन के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
