Darbhanga News: टेंपो ने बाइक सवार अधेड़ को मारी टक्कर, गंभीर हालत में DMCH रेफर

Darbhanga News: कुशेश्वरस्थान में एसएच 56 पर असमा गांव के पास तेज रफ्तार टेंपो ने बाइक के सहारे खड़े मनोज कुमार साह को रौंद दिया. गंभीर हालत में उन्हें सीएचसी से डीएमसीएच रेफर किया गया है. जानिए खबर विस्तार से…

Darbhanga News: थाना क्षेत्र के एसएच 56 मुख्य सड़क पर असमा गांव के समीप रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहाँ सड़क किनारे बाइक के सहारे खड़े एक अधेड़ को तेज रफ्तार टेंपो ने जोरदार टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में अधेड़ गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घायल की पहचान थाना क्षेत्र के साकिरना गांव निवासी मनोज कुमार साह (उम्र 55 वर्ष) के रूप में हुई है.

टक्कर के बाद मची अफरातफरी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनोज कुमार साह अपने एक रिश्तेदार को बस पर चढ़ाने के लिए असमा गांव आए थे. वे सड़क किनारे अपनी बाइक रोककर उसके सहारे खड़े थे और बस का इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक तेज गति और अनियंत्रित टेंपो ने उनकी बाइक में सामने से जोरदार ठोकर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मनोज साह गंभीर रूप से घायल होकर सीधे सड़क पर गिर पड़े, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई.

आक्रोशित लोगों ने की टेंपो चालक की धुनाई

दुर्घटना को देख आसपास मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे टेंपो चालक को मौके पर ही दबोच लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी. इसके बाद आक्रोशित लोगों ने उसी टेंपो में घायल मनोज साह को लादकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), कुशेश्वरस्थान पहुंचाया. सीएचसी में तैनात चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी गंभीर स्थिति और अंदरूनी चोटों को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए तत्काल डीएमसीएच (DMCH), दरभंगा रेफर कर दिया है.

दरभंगा के कुशेश्वरस्थान से सुधीर कुमार चौधरी की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Purushottam Kumar is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >