दरभंगा के केवटी से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
Darbhanga News: दरभंगा जिले के केवटी प्रखंड में बीडीओ चन्द्र मोहन पासवान पर ईओयू की छापेमारी के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है. 27 मई को हुई कार्रवाई के बाद से बीडीओ मुख्यालय नहीं पहुंचे हैं, जिससे प्रखंड कार्यालय में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. अधिकारी के लगातार गायब रहने से आम लोगों के साथ कर्मचारियों में भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है.
छापेमारी के बाद नहीं पहुंचे बीडीओ
जानकारी के मुताबिक, आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की टीम ने 27 मई को केवटी मुख्यालय परिसर स्थित बीडीओ के सरकारी आवास और कार्यालय में छापेमारी की थी. कार्रवाई के बाद से अब तक बीडीओ कार्यालय नहीं पहुंचे हैं. शुक्रवार को भी उनके नहीं आने से प्रखंड कार्यालय में मायूसी का माहौल दिखा.
खुला रहा चैंबर, लेकिन नहीं दिखे अधिकारी
प्रखंड कार्यालय में कर्मचारी मौजूद रहे और बीडीओ का चैंबर भी खुला मिला, लेकिन अधिकारी के अनुपस्थित रहने से कार्यालय लगभग लावारिस जैसा नजर आया. प्रधान लिपिक राजेश कुमार ने बताया कि 27 मई के बाद से बीडीओ मुख्यालय नहीं आए हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अब तक छुट्टी से संबंधित कोई आवेदन या सूचना कार्यालय को नहीं मिली है.
क्षेत्र में कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज
ईओयू की कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का बाजार गर्म है. लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि क्या ग्रामीण विकास विभाग बीडीओ के खिलाफ कोई बड़ी कार्रवाई करेगा. कर्मचारी भी आपस में छापेमारी को लेकर अलग-अलग तरह की बातें करते नजर आए. बताया जा रहा है कि ईओयू ने छापेमारी से जुड़ी जानकारी विभाग को भेजने की बात कही है. अब सबकी नजर विभागीय कार्रवाई पर टिकी हुई है.
