Darbhanga News: सिटी एसपी अशोक कुमार ने शनिवार को बहादुरपुर थाना परिसर में सभी अनुसंधानकर्ताओं (आईओ) के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की. इस बैठक के दौरान उन्होंने थाने में दर्ज सभी प्रतिवेदित और लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा की. सिटी एसपी ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधिकारियों को कई कड़े निर्देश दिए.
वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए जारी होगा वारंट और कुर्की
समीक्षा के दौरान सिटी एसपी अशोक कुमार ने सभी अनुसंधानकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे लंबित मामलों में त्वरित कार्रवाई करें. उन्होंने न्यायालय से जल्द से जल्द वारंट और कुर्की-जब्ती की तामीली प्राप्त कर फरार और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा. सिटी एसपी ने कड़े लहजे में कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
थानों के रिकॉर्ड दुरुस्त रखने और गश्ती तेज करने के आदेश
एसपी ने अनुसंधान की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए सभी आईओ को केस डायरी (कांड दैनिकी) को नियमित रूप से अपडेट रखने का आदेश दिया. इसके साथ ही महीने भर में निष्पादित होने वाले मुकदमों को चिन्हित कर उनके तेजी से निपटारे का खाका तैयार करने को कहा गया. उन्होंने थाना क्षेत्र में सघन पुलिस गश्ती बढ़ाने, विधि व्यवस्था बनाए रखने और डायल 112 की गाड़ियों को लगातार भ्रमणशील रखने का निर्देश दिया. बैठक में थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अबुजर हुसैन अंसारी, रितेश कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.
दरभंगा के बहादुरपुर से पुरुषोत्तम चौधरी की रिपोर्ट
