Darbhanga News: दहेज प्रताड़ना के बाद पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे पति को देहरादून पुलिस ने बिरौल से गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान बिरौल थाना क्षेत्र के अमाही गांव निवासी चमेली राम के 23 वर्षीय पुत्र बिरजू राम के रूप में की गई है. उक्त कार्रवाई की जानकारी बिरौल थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने दी.
देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाने में दर्ज है कांड
थानाध्यक्ष ने बताया कि यह पूरा मामला उत्तराखंड के देहरादून जिले के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र से जुड़ा है. घटना को लेकर देहरादून पुलिस ने कांड संख्या 24/26 दर्ज किया था, जिसमें आरोपी पति घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था. मृतका के भाई दिलीप राम ने नेहरू कॉलोनी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी.
शादी के दो दिन बाद से ही मोटरसाइकिल के लिए करने लगा था प्रताड़ित
दर्ज शिकायत के मुताबिक, दिलीप राम की बहन पूजा कुमारी का विवाह हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार 14 अक्टूबर 2025 को बिरजू राम के साथ हुआ था. विवाह के महज दो दिन बाद से ही बिरजू दहेज में मोटरसाइकिल नहीं मिलने का ताना मारते हुए पूजा के साथ अक्सर मारपीट करने लगा था.
शिकायत के अनुसार, 9 दिसंबर 2025 को पैसों और मोटरसाइकिल की मांग को लेकर पति-पत्नी के बीच गहरा विवाद हुआ. इसके बाद मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर पूजा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका उस समय अपने पति के साथ देहरादून में ही रह रही थी. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बिरजू वहां से भाग निकला था.
बिरौल पुलिस के सहयोग से मिली सफलता
हाल ही में देहरादून पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी बिरजू राम अपने पैतृक घर बिरौल के अमाही गांव में आकर छिपा हुआ है. इसके बाद नेहरू कॉलोनी पुलिस की टीम ने बिरौल पुलिस के साथ तालमेल बिठाकर अमाही गांव में संयुक्त रूप से छापेमारी की और आरोपी को धर दबोचा. कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद देहरादून पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई है.
दरभंगा के बिरौल से शंकर सहनी की रिपोर्ट
