दरभंगा से अशोक गुप्ता की रिपोर्ट
Darbhanga News: बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग ने दरभंगा सहित पूरे राज्य में सार्वजनिक स्थलों पर अश्लील, द्विअर्थी एवं जातिसूचक गीतों के प्रसारण पर प्रभावी रोक लगाने की दिशा में बड़ी पहल की है.इस संबंध में विभाग की ओर से गृह विभाग को पत्र भेजकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है.इस कदम से सार्वजनिक आयोजनों में फूहड़ता फैलाने वाले तत्वों पर नकेल कसेगी.
सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले गीतों पर लगेगा प्रतिबंध
विभाग के अनुसार राज्य के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, वाहनों, विवाह समारोहों तथा अन्य सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अश्लील, द्विअर्थी एवं जातिसूचक भावनाओं को भड़काने वाले गीत खुलेआम बजाए जा रहे हैं.इससे समाज में भाईचारे और सौहार्द की भावना प्रभावित हो रही है तथा अश्लीलता, वैमनस्य, कटुता और अशांति का वातावरण बन रहा है.ऐसे गीतों का महिलाओं और बच्चों पर विशेष रूप से बेहद नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है.
लोक संस्कृति की गरिमा बचाने के लिए डीएम-एसपी को निर्देश
बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और लोक भाषाओं की गरिमा को बनाए रखने के लिए इस प्रवृत्ति पर तुरंत रोक लगाना आवश्यक बताया गया है.कला एवं संस्कृति विभाग ने इसे एक गंभीर सामाजिक समस्या बताते हुए कहा है कि यह सार्वजनिक शिष्टाचार और कानून व्यवस्था की दृष्टि से भी अनुचित है.इस संबंध में पत्र की प्रति सभी जिलाधिकारियों (डीएम), वरीय पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) एवं पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है.
