Darbhanga News: जिले में 102 एंबुलेंस सेवा ग्रामीण और दूर-दराज के इलाकों के लोगों के लिए संजीवनी साबित हो रही है. खासकर आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में यह सेवा बेहद मददगार रही है. अप्रैल 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, महज एक महीने के भीतर इस सेवा के माध्यम से रिकॉर्ड 3,852 मरीजों को ससमय अस्पताल पहुंचाकर उनका इलाज सुनिश्चित कराया गया है.
2662 गर्भवती महिलाओं और 211 सड़क दुर्घटना पीड़ितों को मिली मदद
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अप्रैल महीने में एंबुलेंस सेवा का सबसे अधिक लाभ मातृत्व स्वास्थ्य को मिला, जहां 2,662 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. इसके अलावा, 76 नवजात शिशुओं को विशेष चिकित्सा सुविधा के लिए केंद्र तक ले जाया गया. वहीं, त्वरित रिस्पॉन्स के कारण सड़क दुर्घटनाओं में घायल 211 लोगों और 903 अन्य गंभीर मरीजों की जान समय पर अस्पताल पहुंचने से बच सकी.
जिले में 75 एंबुलेंस का संचालन, जीपीएस से होती है मॉनिटरिंग
वर्तमान में दरभंगा जिले में कुल 75 एंबुलेंस सक्रिय रूप से संचालित हैं. इनमें 20 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एंबुलेंस, 52 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) एंबुलेंस और तीन शव वाहन शामिल हैं. जेन प्लस के प्रोजेक्ट हेड (बिहार) दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि नियमित मॉनिटरिंग और बेहतर संचालन व्यवस्था के कारण एंबुलेंस के रिस्पॉन्स टाइम में काफी सुधार आया है. फोन कॉल मिलते ही एंबुलेंस निर्धारित समय के भीतर सुदूर ग्रामीण और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंच रही है.
दरभंगा से
