दरभंगा जेल के गेट से बंदी फरार, हथकड़ी खुलते ही लगाई दौड़, सीढ़ी से दीवार फांदकर भागा

दरभंगा मंडल कारा से एक बंदी हथकड़ी खुलते ही फरार हो गया. बांस की सीढ़ी से दीवार फांदकर भागने वाले इस कैदी को पुलिस ने सैदपुर काली मंदिर के पास से पकड़ लिया.

दरभंगा: मंडल कारा दरभंगा में बंदी को जमा कराने पहुंची पुलिस उस समय सकते में आ गयी, जब पहचान और फोटो की प्रक्रिया के दौरान हथकड़ी खुलते ही बंदी फरार हो गया. जेल के मुख्य गेट के अंदर से भागा बंदी बांस की सीढ़ी के सहारे दीवार पर चढ़ा और दूसरी ओर कूदकर झाड़ियों की आड़ में गायब हो गया. घटना सोमवार शाम करीब छह बजे की है.

हालांकि पुलिस ने तत्काल पीछा शुरू किया और कुछ ही देर में सैदपुर काली मंदिर के पास से उसे पकड़ लिया. उसकी पहचान मधुबनी जिले के सकरी थाना क्षेत्र के मकसूदा गांव निवासी मो. फरमान साह के रूप में हुई है. मामले को लेकर लहेरियासराय थाना में पुलिस अवर निरीक्षक रासदेव सिंह के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

हथकड़ी खुलते ही दौड़ लगा दी

पुलिस के अनुसार, फरमान साह को मनीगाछी थाना कांड संख्या 266/24 में गिरफ्तार किया गया था. न्यायालय में पेशी के बाद कस्टडी वारंट जारी होने पर दो बीएचजी जवान उसे मंडल कारा में जमा कराने पहुंचे थे.

जेल के मुख्य गेट के सामने बने कमरे में बंदी की हाइट, पहचान चिह्न, फोटो और दसों उंगलियों के निशान लेने की प्रक्रिया चल रही थी. इसी दौरान हथकड़ी खुलते ही फरमान अचानक दौड़ पड़ा. दोनों जवानों ने उसे पकड़ने के लिए पीछा किया, लेकिन वह जेल गेट के दाहिनी ओर दीवार के पास रखी बांस की सीढ़ी पर चढ़ गया और दीवार फांदकर बाहर निकल गया.

झाड़ियों में छिपा, काली मंदिर के पास मिला

बंदी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस पदाधिकारी तत्काल मंडल कारा पहुंचे और आसपास के इलाके में उसकी तलाश शुरू की गयी.

इसी दौरान सैदपुर काली मंदिर के पास एक व्यक्ति के सोये होने की सूचना मिली. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो सोया व्यक्ति फरार बंदी फरमान साह निकला. पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में ले लिया.

भागने के दौरान दोनों पैरों में लगी चोट

पुलिस पूछताछ में फरमान ने बताया कि डर के कारण वह जेल से भागा था. भागने के दौरान उसके दोनों पैरों में चोट लग गयी, जबकि कमर में भी दर्द की शिकायत सामने आयी. पुलिस ने उसे इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया है.

मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी लहेरियासराय थाना के एसआई रौशन कुमार को सौंपी गयी है.

यह भी पढ़ें

बेनीपुर में साइकिल सवार भूलोक नाथ झा को अज्ञात पिकअप ने मारी टक्कर, डीएमसीएच में मौत

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar raushan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >