दरभंगा: वित्तीय वर्ष 2026-27 में शिक्षा विभाग की ओर से संचालित विभिन्न लाभुक आधारित योजनाओं का लाभ देने के लिए छात्र-छात्राओं की उपस्थिति से संबंधित आंकड़ों की ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर प्रविष्टि अनिवार्य कर दी गयी है. बिहार शिक्षा विभाग के निदेशक, प्राथमिक शिक्षा-सह-नोडल पदाधिकारी, डीबीटी की ओर से जारी पत्र के आधार पर जिले के सभी सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों, मान्यता प्राप्त गैर सरकारी विद्यालयों, अनुदानित अल्पसंख्यक विद्यालयों, प्रस्वीकृत मदरसा/संस्कृत एवं वित्त रहित स्थापना अनुमति प्राप्त विद्यालयों को यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
निर्देश के अनुसार एक अप्रैल 2026 से 30 सितंबर 2026 तक नामांकित विद्यार्थियों में जिनकी उपस्थिति 75 प्रतिशत अथवा उससे अधिक है, उनके नाम के सामने ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर Yes (Y) तथा 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के सामने No (N) अंकित किया जाना है. इसी आधार पर लाभुक आधारित योजनाओं की राशि का भुगतान किया जाएगा.
उपस्थिति संबंधी आंकड़ों की प्रविष्टि 22 सितंबर 2026 से शुरू करने का निर्देश दिया गया है.
प्रधानाध्यापक करेंगे आंकड़ों की प्रविष्टि
पत्र के अनुसार विद्यालय के प्रधानाध्यापक ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपने लॉगिन आइडी से विद्यालय में नामांकित छात्र-छात्राओं के नाम के सामने उनकी 75 प्रतिशत उपस्थिति के आधार पर Yes अथवा No अंकित करेंगे. इस कार्य पर होने वाले व्यय की राशि विद्यालय को प्राप्त कंपोजिट ग्रांट से करने का निर्देश दिया गया है.
तीन बिंदुओं पर देनी होगी सहमति
प्रविष्टि पूरी करने के बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक को पोर्टल पर तीन बिंदुओं पर सहमति देनी होगी. इसमें विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं की फोटो ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपलोड होने, 75 प्रतिशत उपस्थिति के अनुसार विद्यार्थियों के सामने Yes/No अंकित किए जाने तथा परिवार की 1.5 लाख रुपये तक की कुल वार्षिक आय के आधार पर विद्यार्थियों को लाभुक योजना के लिए Yes/No चिह्नित किए जाने की पुष्टि शामिल है.
जिला स्तर से जारी पत्र में जिले के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं संबंधित पदाधिकारियों से छात्र-छात्राओं की उपस्थिति से संबंधित आंकड़ों की प्रविष्टि 22 सितंबर 2026 तक ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर सुनिश्चित करने को कहा गया है.
यह भी पढ़ें
दरभंगा में बिना हथियार संतरी ड्यूटी करती मिली महिला पुलिसकर्मी निलंबित
