दरभंगा में पेयजल संकट पर DM सख्त, शिकायत मिलते ही टैंकर से पानी पहुंचाने का निर्देश

दरभंगा में पेयजल आपूर्ति को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है. डीएम ने अधिकारियों को जलापूर्ति बाधित होने पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने और टैंकर से पानी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. खराब चापाकलों की भी प्राथमिकता से मरम्मत होगी.

दरभंगा पेयजल संकट: जिले में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखने को लेकर बुधवार को समाहरणालय में डीएम कौशल कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई. बैठक में दरभंगा ग्रामीण विधायक राजेश कुमार मंडल भी मौजूद रहे. डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन इलाकों से पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत मिल रही है, वहां तत्काल टैंकर से पानी उपलब्ध कराया जाए, ताकि लोगों को परेशानी नहीं हो.

नल-जल योजना में तकनीकी खराबी हो तो तुरंत करें दूर

बैठक में नल-जल योजना, नई जलापूर्ति योजनाओं, चापाकल की मरम्मत और नगर निकाय क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता की समीक्षा की गयी. डीएम ने पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता, कनीय अभियंता और अन्य अधिकारियों को नल-जल एवं नई जलापूर्ति योजनाओं को सक्रिय रखने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि तकनीकी या किसी अन्य कारण से जलापूर्ति बाधित होने पर समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए. संबंधित अधिकारी क्षेत्र में सक्रिय रहकर शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें.

नगर निकायों को भी वैकल्पिक व्यवस्था का निर्देश

डीएम ने नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था की नियमित निगरानी करने को कहा. जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक माध्यम से लोगों तक पानी पहुंचाने का निर्देश दिया गया. अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण कर वास्तविक स्थिति की जानकारी लेने को भी कहा गया.

नई जलापूर्ति योजनाओं का काम तेज करें

नई जलापूर्ति योजनाओं की समीक्षा के दौरान डीएम ने संबंधित संवेदकों को निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. जरूरत के अनुसार कार्यबल और टीमों की संख्या बढ़ाने को कहा, ताकि योजनाओं का काम निर्धारित समय में पूरा हो और लोगों को जल्द इसका लाभ मिल सके.

दरभंगा ग्रामीण विधायक राजेश कुमार मंडल ने नए बोरिंग में वायरिंग का काम शीघ्र पूरा कराने की आवश्यकता जतायी. उन्होंने पीएचईडी के अभियंताओं को क्षेत्र में सक्रिय रहकर पेयजल से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराने की बात कही.

खराब चापाकलों की प्राथमिकता से होगी मरम्मत

डीएम ने कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी को चापाकल मरम्मत दल को पूरी तरह सक्रिय रखने का निर्देश दिया. खराब चापाकलों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर उनकी मरम्मत कराने को कहा गया. सभी संवेदकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर काम पूरा करने का निर्देश दिया गया.

बैठक में नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी, पीएचईडी अभियंता और संबंधित संवेदक मौजूद थे.

यह भी पढे़ं:

दरभंगा के इस स्कूल में 235 बच्चों की जान पर खतरा! 24 में 9 कमरे जर्जर, छत से गिरता है मलबा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राज कुमार रंजन

राज कुमार रंजन दो दशक से अधिक समय से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राष्ट्रीय समाचार पत्रों में काम कर चुके रंजन प्रशासनिक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में गहरी पैठ रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >