Darbhanga Airport: दरभंगा वासियों के लिए एक बड़ी खबर है. जिले के एकमात्र एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन को लेकर लंबे समय से लोग अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की उम्मीद लगाए बैठे थे, उनको निराशा हाथ लगी है. केंद्र सरकार के जन शिकायत पोर्टल सीपीजीआरएएमएस (CPGRAMS) पर दर्ज की गयी शिकायत के जवाब में एयरपोर्ट अथॉरिटी की तरफ से साफ किया गया है कि हाल में निर्माणाधीन एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन केवल घरेलू परिचालन के लिए ही तैयार किया गया है.
अंतिम फैसला मुख्यालय की तरफ से होगा
एयरपोर्ट अथॉरिटी की तरफ से जारी जवाब के अनुसार, इंटरनेशनल फ्लाइट्स, कस्टम और इमिग्रेशन से जुड़ी सुविधाएं नीतिगत निर्णय का मैटर है और इस पर लास्ट डिसिजन मुख्यालय की तरफ से लिया जाएगा. ऐसे में भविष्य में दरभंगा से अंतरराष्ट्रीय सेवा शुरू होने की संभावना पर अब भी सब कुछ क्लियर नहीं है.
नवंबर 2026 तक निर्माण पूरा होने का दावा
एयरपोर्ट प्रशासन की तरफ से दिये गये बयान में यह कहा गया है कि निर्माणाधीन नया एयरपोर्ट टर्मिनल और एप्रोन का काम 30 नवंबर 2026 तक पूरा होने की संभावना है. वर्तमान समय में टर्मिनल का काम लगभग 68 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है, जबकि एप्रोन करीब 62 प्रतिशत तक बनाया जा चुका है.
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की मांग लगातार तेज
दरभंगा एयरपोर्ट के चालू होने के बाद से ही मिथिलावासी खाड़ी देशों समेत नेपाल और दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए इंटरनेशनल फ्लाइट्स की डिमांड करते रहे हैं. बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिक और व्यवसायी इस क्षेत्र से जुड़े हैं. बावजूद इसके, नए टर्मिनल के केवल घरेलू उपयोग के लिए डिजाइन किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद लोगों में मायूसी साफ देखी जा रही है.
दरभंगा की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें
यात्रियों में बढ़ सकती है नाराजगी
बता दें, दरभंगा के स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर नया एयरपोर्ट टर्मिनल इंटरनेशनल स्टैंडर्ड्स के हिसाब से तैयार किया जाता तो भविष्य में सीधे विदेश उड़ान शुरू करने का रास्ता आसान हो सकता था. अब दोबारा इसपर बाद में अलग से खर्च करना पड़ सकता है. एयरपोर्ट परियोजना को लेकर क्षेत्र के लोगों की निगाहें अब केंद्र सरकार और एयरपोर्ट अथॉरिटी के आगामी फैसलों पर टिकी हैं.
दरभंगा से अजय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
यह भी पढे़ं: दरभंगा: नल-जल योजना कार्य के दौरान बड़ा हादसा, पानी टंकी से गिरा मजदूर गंभीर
यह भी पढे़ं: Darbhanga Mandi Bhav: बासमती चावल, अरहर दाल और सरसों तेल की कीमतों में बदलाव, देखें आज का ताजा भाव
