Airport flights: दरभंगा एयरपोर्ट से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या लगातार मजबूत बनी हुई है. जुलाई माह में एयरपोर्ट से 53.41 हजार यात्रियों ने हवाई सफर किए. इस दौरान कुल 322 विमानों की आवाजाही हुई. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार प्रति विमान औसतन 165 यात्रियों ने बुकिंग कराई. इस लिहाज से विमानों की करीब 91 प्रतिशत सीटें यात्रियों से भरी रहीं. आंकड़े बताते हैं कि महानगरों के लिए दरभंगा से सीधी विमान सेवा की मांग लगातार बनी हुई है.
Darbhanga airport flights: रोजाना 10 से 11 विमानों की आवाजाही रही जारी
जुलाई में दरभंगा एयरपोर्ट से कुल 322 विमानों का परिचालन हुआ. यानी पूरे महीने रोजाना औसतन 10 से 11 विमानों की आवाजाही हुई. इन विमानों से दरभंगा और आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों ने विभिन्न महानगरों से आवाजाही की. जुलाई के आंकड़ों के मुताबिक एक विमान में औसतन 165 यात्रियों ने बुकिंग कराई. विमान की औसत यात्री क्षमता के आधार पर करीब 91 प्रतिशत सीटों का इस्तेमाल हुआ. इससे दरभंगा से संचालित फ्लाइटों को मिल रहे बेहतर यात्री रिस्पांस का अंदाजा लगाया जा सकता है. खासकर रोजगार, पढ़ाई, इलाज और कारोबार के लिए महानगर जाने वाले यात्रियों को इसका बड़ा लाभ मिल रहा है.
चार महानगरों के लिए उपलब्ध है सीधी विमान सेवा
फिलहाल दरभंगा एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद के लिए सीधी विमान सेवा उपलब्ध है. इन शहरों के लिए डायरेक्ट फ्लाइट होने से उत्तर बिहार के यात्रियों को दूसरे शहरों के एयरपोर्ट पर जाकर विमान बदलने की जरूरत कम हुई है. दरभंगा के साथ आसपास के जिलों और सीमावर्ती क्षेत्रों के यात्री भी इन सेवाओं का बड़ी संख्या में इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बच रहा है.
त्योहारों के सीजन में बढ़ सकती है यात्रियों की संख्या
आने वाले दिनों में पर्व-त्योहार और छुट्टियों को लेकर हवाई यात्रा करने वाले लोगों की संख्या में और अधिक बढ़ोतरी होने की पूरी संभावना है. महानगरों व उसके आसपास रहने वाले उत्तर बिहार के लोगों के लिए सुविधा जनक आवागमन का दरभंगा हवाई अड्डा माकूल व्यवस्था उपलब्ध करा रहा है. दरभंगा से संचालित होने वाली सीधी उड़ान सेवा क्षेत्र के विकास के लिए काफी लाभदायक साबित हो रही है.
