Darbhanga Nagar Nigam: दरभंगा नगर निगम में अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर संयुक्त मोर्चा के बैनर तले संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रही. हड़ताल के कारण दरभंगा शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
48 वार्डों में सफाई ठप, जगह-जगह कचरे का पहाड़
कर्मियों की हड़ताल के कारण नगर निगम के सभी 48 वार्डों में पिछले तीन दिनों से कचरे का उठाव नहीं हुआ है. शहर की मुख्य सड़कों, गलियों और डंपिंग प्वाइंट्स पर कचरे के विशाल ढेर लग गए हैं.हाल ही में हुई बारिश के कारण कचरा भीग गया है, जिससे पूरे शहर में असहनीय दुर्गंध फैल रही है. सड़े हुए कचरे पर भिनभिनाती मक्खियों और सड़कों पर फैले कचरे में मुंह मारते आवारा मवेशियों के कारण पैदल चलना और वाहनों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है.
मृत पशुओं के शवों से उठ रही सड़ांध, महामारी का खतरा
शहर के कई इलाकों में मृत पशुओं के शव खुले में पड़े सड़ रहे हैं, जिन्हें उठाने वाला कोई नहीं है. सड़ांध के कारण लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया है और इलाके में संक्रामक बीमारियों एवं महामारी फैलने की आशंका लगातार गहराती जा रही है.नगर निगम कार्यालय परिसर की स्थिति भी बदतर बनी हुई है. कार्यालय परिसर में जगह-जगह कचरा बिखरा है और परिसर स्थित एकमात्र शौचालय का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर बह रहा है, जिससे होकर ही आम नागरिक, कर्मचारी और अधिकारी आवाजाही करने को मजबूर हैं.
मानदेय व सेवा स्थायीकरण की मांग, पार्षद पूजा मंडल भी हड़ताल के समर्थन में उतरीं
हड़ताली कर्मियों ने नगर निगम परिसर में सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. आंदोलनकारी कर्मचारियों का स्पष्ट कहना है कि जब तक उनकी तीन सूत्री मांगें:
- कर्मचारियों का सेवा नियमितीकरण (Regularization)
- ठेका/आउटसोर्सिंग प्रथा की समाप्ति
- समान काम का समान वेतन
पूरी नहीं की जातीं, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल वापस नहीं ली जाएगी.
इस बीच जन प्रतिनिधियों का समर्थन भी हड़ताली कर्मियों को मिलने लगा है. शनिवार को पार्षद पूजा मंडल हड़ताली कर्मचारियों के साथ धरने पर बैठीं और उनके साथ मंच साझा कर मांगों का समर्थन किया.
