Darbhanga:नवरात्र पर जिलावासियों को मुख्यमंत्री का तोहफा

शारदीय नवरात्र के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिलावासियों को कई योजनाओं का तोहफा दिया.

दरभंगा. शारदीय नवरात्र के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिलावासियों को कई योजनाओं का तोहफा दिया. मिथिला संस्कृत स्नातकोत्तर अध्ययन एवं शोध संस्थान परिसर में शुक्रवार को सीएम कुमार ने 3463.2 करोड़ की लागत से 97 योजनाओं का रिमोट से शिलापट्ट का अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया. इसमें 96.47 करोड़ की लागत से 36 विकासात्मक योजनाओं का जहां उद्घाटन किया, वहीं 3366.73 करोड़ की लागत से आकार लेनेवाली 61 योजनाओं की आधारशिला रखी. इनमें प्रगति यात्रा के दौरान जिला के विकास के लिये घोषित योजनाएं भी शामिल हैं, जिनाका शिलान्यास शामिल है. इन योजनाओं से जिले के विकास नई गति एवं दिशा मिलेगी. इस दौरान सीएम ने वहां मौजूद लोगों से संवाद भी किया. विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दुहराते हुए इसमें सबकी सहभागिता को जरूरी बताया. सरकार के स्तर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया.

शोध संस्थान के नवनिर्माण को किया भूमि पूजन

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने मिथिला संस्कृत स्नातकोत्तर अध्ययन एवं शोध संस्थान के निर्माण कार्य का भूमि-पूजन किया. संस्थान के प्रशासनिक भवन में पांडुलिपियों का बारीकी से अवलोकन किया. साथ ही मुख्यमंत्री ने मिथिला संस्कृत स्नातकोत्तर अध्ययन एवं शोध संस्थान को एनएच 77 से संपर्कता प्रदान करने के लिए प्रशासनिक पथ का अवलोकन किया. इस बावत अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया. वर्ष 1951 में राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद द्वारा किए गए शिलापट्ट को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रुककर ध्यान से देखा. शिलापट्ट पर संस्कृत में अंकित तथ्यों से मिथिला संस्कृत शोध संस्थान के पूर्व पांडुलिपि विभागाध्यक्ष डॉ मित्रनाथ झा ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया. डॉ झा ने पांडुलिपि भवन में मिथिलाक्षर, बंगला एवं अन्य लिपि व भाषाओं में उपलब्ध प्राचीन दुर्लभ पांडुलिपियों के बावत मुख्यमंत्री को जानकारी दी. इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सांसद सह जदयू कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी, नगर विकास एवं आवास मंत्री जीवेश कुमार, सांसद गोपालजी ठाकुर, सांसद धर्मशीला गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, प्रमंडलीय आयुक्त कौशल किशोर, दरभंगा प्रक्षेत्र के डीआइजी स्वपना गौतम मेश्राम, डीएम कौशल कुमार, एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे. कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी भी बड़ी संख्या में आमलोगों के साथ उपस्थित थे.

इसी तरह बुलंदी में काम कर आगे बढ़ें, सरकार करेगी हरसंभव मदद: नीतीश कुमार

दरभंगा. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शहर के कबराघाट स्थित मिथिला स्नातकोत्तर शाेध संस्थान के भूमि पूजन व योजनाओं के शिलान्यास तथा उद्घाटन के क्रम में लोगों से संवाद किया. कार्यक्रम में उपस्थित पेंशनधारी लाभुकों, जीविका दीदियों, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं, विद्यालय रात्रि प्रहरी, किसान सलाहकार, आशा कार्यकर्ता, गृहरक्षक सहित अन्य लाभुकों के साथ संवाद करते हुए हरंसभव मदद का भरोसा दिया. वहीं उपस्थित लाभुकों ने मुख्यमंत्री को उनके लिए किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए हाथ हिलाकर धन्यवाद दिया. खुशी में नारे भी लगाए. मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों से कहा कि आप सभी लोग लोग बहुत अच्छा काम कर रही हैं. इसी प्रकार पूरी बुलंदी के साथ काम करते रहिए और आगे बढ़िये. सरकार हरसंभव मदद करेगी. उन्होंने उपस्थित जनसमूह से कहा कि आप लोग अच्छे से मिल-जुलकर रहें. बिहार को आगे बढ़ाने में अपना अहम योगदान दें.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RANJEET THAKUR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >