Darbhanga news: कादिराबाद सरकारी बस स्टैंड में बस चार्जिंग स्टेशन का तेजी से हो रहा निर्माण

Darbhanga news:जिले में सार्वजनिक परिवहन को पर्यावरण के अनुकूल और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है.

Darbhanga news: दरभंगा. जिले में सार्वजनिक परिवहन को पर्यावरण के अनुकूल और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है. कादिराबाद स्थित सरकारी बस स्टैंड परिसर में इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. यह जिले का पहला इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन होगा. अधिकारियों के अनुसार नए साल के जून माह तक निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा. इसके बाद इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन शुरू होने की उम्मीद है. चार्जिंग स्टेशन का निर्माण लगभग 3.50 करोड़ रुपये से किया जा रहा है. केंद्र सरकार की पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत यह काम हो रहा है. इसी योजना के तहत बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से जिले को 50 इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की गई है, जो इस साल अगस्त माह में आने की संभावना है. इन बसों के सड़कों पर उतरने के बाद आम यात्रियों को प्रदूषण रहित, शांत और आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा.

जहरीली गैसों के कारण वातावरण हो रहा प्रदूषित

बता दें कि डीजल बसों से निकलने वाले धुएं और जहरीली गैसों के कारण वातावरण और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव को कम करने में इलेक्ट्रिक बसें अहम भूमिका निभाएंगी. इलेक्ट्रिक बसें न तो धुआं छोड़ती है और न ही शोर करती है. इससे वायु और ध्वनि प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी आएगी. साथ ही परिचालन लागत भी कम होगा. इससे भविष्य में परिवहन व्यवस्था अधिक किफायती बन सकेगी. चार्जिंग स्टेशन पर होने वाले खर्च का वहन परिवहन विभाग द्वारा किया जा रहा है. जबकि उपकेंद्र का संचालन बिजली विभाग के जिम्मे होगा. चार्जिंग स्टेशन को कादिराबाद फ्लोटिंग पावर प्लांट स्थित उपकेंद्र से 33 केवीए लाइन के माध्यम से जोड़ा जाएगा, जिससे पर्याप्त और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके.

कहते हैं अभियंता

कादिराबाद सरकारी बस स्टैंड में चार्जिंग स्टेशन का निर्माण हो रहा है. अभी सिविल वर्क चल रहा है. चार्जिंग स्टेशन का संचालन बिजली विभाग करेगा.

-विकास कुमार, इइइ शहरी

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRABHAT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >