Darbhanga News: प्रखंड के काजी बहेड़ा पंचायत अंतर्गत काजी-बहेड़ा गांव में दृष्टिहीन शंकर चौपाल और उनके दिव्यांग बेटे के बेसहारा परिवार को बुधवार को नया पक्का मकान उपलब्ध कराया गया. संत रामपाल महाराज की प्रेरणा से संचालित मुनींद्र धर्मार्थ ट्रस्ट की अन्नपूर्णा मुहिम के तहत परिवार को सुविधायुक्त आवास 'समर्थ कबीर के सुदामा का महल' भेंट किया गया.
गृह प्रवेश समारोह में सौंपी गई घर की चाबी
गृह प्रवेश समारोह के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में परिवार को नए घर की चाबी सौंपी गई. ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि जरूरतमंद परिवार को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह आवास तैयार कराया गया है.
यह भी पढ़ें: डीएमसीएच की अत्याधुनिक लांड्री शुरू कराने की कवायद तेज, प्रभात खबर की खबर का असर
आधुनिक सुविधाओं से लैस है मकान
ट्रस्ट के अनुसार मकान में चार कमरे, शौचालय, बाथरूम, आधुनिक रसोई, बिजली की फिटिंग, पानी की टंकी और नल की व्यवस्था की गई है, ताकि परिवार को सभी बुनियादी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकें.
कार्यक्रम में जिला परिषद प्रतिनिधि जुल्करनैन, जिला परिषद सदस्य रंजना कुमारी, बंधौली पंचायत के मुखिया सनाउल्लाह अशरफ, सरपंच राम प्रताप चौपाल, काजी बहेड़ा के पूर्व मुखिया महेश प्रसाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे.
