SH-56 पर मौत के गड्ढे! बिरौल में सड़क की हालत बदहाल, जख्मी हो रहे राहगीर

बिरौल में सुपौल-दरभंगा SH-56 मुख्य मार्ग पर बने बड़े गड्ढों ने राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. बारिश का पानी भरने से ये गड्ढे खतरनाक हो गए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. स्थानीय लोग सड़क की जल्द मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था की मांग कर रहे हैं.

Darbhanga News: बिरौल में सुपौल-दरभंगा एसएच-56 मुख्य पथ की बदहाल स्थिति राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है. श्री कृष्णा आइडियल पब्लिक स्कूल से खादी ग्रामोद्योग के बीच सड़क के बीचोंबीच बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं. बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे सड़क पर चलना खतरनाक हो गया है. आए दिन बाइक सवार गिरकर जख्मी हो रहे हैं.

सड़क पर बने गड्ढों में भरा पानी

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क का पिच पूरी तरह उखड़ चुका है और कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति है. पानी भरे गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं.

स्थानीय दर्शन कुमार ने बताया कि सड़क की हालत ऐसी है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. इसके बावजूद मरम्मत को लेकर पथ निर्माण विभाग और संवेदक की ओर से अब तक गंभीर पहल नहीं की गयी है.

स्कूल और बाजार के कारण दिनभर रहती है भीड़

एसएच-56 बिरौल का सबसे व्यस्त मार्ग है. इसी रास्ते से सहरसा, सुपौल, समस्तीपुर समेत अन्य जिलों से दरभंगा आने-जाने वाले सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं.

सड़क के आसपास स्कूल, कोचिंग संस्थान और बाजार होने के कारण दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है. ई-रिक्शा, ऑटो और स्कूल वैन चालकों को भी गड्ढों और जलजमाव के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार वाहनों के पलटने की स्थिति बन जाती है.

जल निकासी नहीं होने से और बिगड़ी स्थिति

ग्रामीणों और दुकानदारों के अनुसार सड़क की हालत कई महीनों से खराब है. सड़क किनारे नाला और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा रहता है.

लगातार पानी जमा रहने से सड़क तेजी से टूट रही है. स्कूली बच्चों के अभिभावकों ने भी चिंता जतायी है कि स्कूल के सामने सड़क की ऐसी स्थिति होने से बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है.

ग्रामीणों ने की जल्द मरम्मत की मांग

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता से एसएच-56 के जर्जर हिस्से का जल्द निरीक्षण कराने की मांग की है. लोगों ने गुणवत्तापूर्ण मरम्मत के साथ जल निकासी की व्यवस्था कराने की भी मांग की है, ताकि हादसों पर रोक लग सके.

इधर, पथ निर्माण विभाग बेनीपुर के कार्यपालक अभियंता शम्भू कुमार ने जर्जर सड़क की जल्द मरम्मत कराने की बात कही है.

यह भी पढ़ें

Darbhanga News: जिले में 13 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला, कई थानों में बदली तैनाती

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शंकर कुमार सहनी

शंकर कुमार सहनी 20 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. लोकल टेलीविजन चैनल से लेकर राष्ट्रीय समाचार पत्रों तक में कार्य कर चुके शंकर राजनीति, अपराध और धर्म-संस्कृति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >