दरभंगा के बिरौल से शंकर सहनी की रिपोर्ट
Darbhanga News: बिरौल अनुमंडल के हनुमान नगर गांव में सोमवार को गौड़ाबौराम के भाजपा विधायक सुजीत कुमार सिंह ने विधानसभा स्तरीय वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की बैठक की.
कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने का निर्देश
पूर्व उत्तरी मंडल अध्यक्ष राजकुमार सहनी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विधायक ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर लोगों से संपर्क बढ़ाने की अपील की.
उन्होंने कहा कि गांव-गांव जाकर जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनके समाधान का प्रयास करें. विधायक ने कहा कि यदि कोई अधिकारी लोगों की बात नहीं सुनता है तो इसकी जानकारी सीधे उन्हें दें.
सुबह 8 से शाम 6 बजे तक खुलेगा जन सेवा केंद्र
विधायक ने बताया कि जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रखंड मुख्यालय के समीप जन सेवा केंद्र शुरू किया गया है.
उन्होंने कहा कि केंद्र में सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक कर्मी मौजूद रहेंगे, जहां लोगों की शिकायतें सुनी जाएंगी और समाधान का प्रयास किया जाएगा.
पंचायतवार समस्याओं की सूची मांगी
बैठक के दौरान विधायक ने कार्यकर्ताओं को पंचायतवार समस्याओं की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान कराया जा सके.
उन्होंने कहा कि जनता की सेवा ही उनका पहला दायित्व है.
बैठक में जिलापूर्वी भाजपा महामंत्री सदस्य शत्रुघ्न सहनी, मणिकांत मिश्र, प्रदीप प्रधान, महावीर चौपाल समेत कई वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे.
