Alinagar News: अलीनगर थाना क्षेत्र के पकड़ी चौक से पश्चिम एसएच-88 किनारे शुक्रवार सुबह एक 40 वर्षीय युवक करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया गया.
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटनास्थल पर युवक की मोटरसाइकिल (बीआर 07 बीपी 5935) भी मामूली क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली. सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष रंजीत शर्मा ने एएसआई हरेराम को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा. एएसआई की सूचना पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एंबुलेंस भी घटनास्थल पहुंची.
पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त प्रयास से युवक को गड्ढे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया.
मोबाइल कॉल से हुई पहचान
पूछताछ के दौरान घायल युवक ने बड़ी मुश्किल से अपना नाम जीवछ सदा, पिता शोभन सदा, निवासी धरौरा बताया. इसी दौरान उसके मोबाइल फोन पर आए कॉल को पुलिस ने रिसीव किया, जिससे परिजनों से संपर्क हो सका. सूचना मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए.
चिकित्सकों ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया.
हादसे की आशंका, जांच जारी
प्रारंभिक स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवक रात में पूर्व दिशा से अपने घर की ओर जा रहा था. इसी दौरान मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ने से वह वाहन सहित करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में गिर गया और रातभर वहीं पड़ा रहा. सुबह ग्रामीणों की नजर पड़ने के बाद उसे बाहर निकाला जा सका.
समाचार लिखे जाने तक मोटरसाइकिल स्थानीय चौकीदार की निगरानी में घटनास्थल पर ही रखी हुई थी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
