Darbhanga News: सिंहवाड़ा. दरभंगा-मुजफ्फरपुर फोरलेन पर शोभन चौक के निकट एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार एक युवक को कुचल दिया. बाइक सवार युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. वही दूसरा सवार व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया. मृतक की पहचान सिमरी निवासी हीरा महतो के 22 वर्षीय पुत्र लालबाबू महतो के रूप में व जख्मी युवक की मुजफ्फरपुर जिला के बेनीबाद थाना के सवास निवासी रोशन राम के रूप में की गयी है. बताया जाता है कि मृतक बीए अंतिम वर्ष का छात्र था. वह रोशन के साथ सामान लाने दरभंगा जा रहा था. इसी क्रम में शोभन चौक के निकट अनियंत्रित वाहन ने बाइक में ठोकर मार दी. ठोकर लगते ही लालबाबू की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. वहीं रौशन गंभीर रूप से जख्मी हो गया. सूचना पर पहुंची सिमरी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि परिवहन विभाग की गाड़ी किसी वाहन का पीछा कर रही थी. इसके ओवरटेक करने का शिकार बाइक सवार हो गया. इधर लालबाबू की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. चीख-पुकार से आसपास का माहौल गमगीन हो गया. जबान बेटा के मौत पर मां रेखा देवी रो-रोकर बार-बार बेहोश हो जा रही थी. आसपास की महिलाएं उसे संभालने की कोशिश कर रही थी. मां की करुण चित्कार से हरेक आंखें नम थी. लोग ढांढ़स बंधाते रहे. मृतक चार भाईयों में मंझला था. वहीं एक बहन मनीषा है, जिसका रो-रोकर बुरा हाल है. लालबाबू पढ़ाई के साथ घर के बगल में इलेक्ट्रीक की दुकान मे नौकरी करता था. वहीं पिताजी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं. लालबाबू की मौत पर मुखिया दिनेश महतो, पूर्व मुखिया भोला पासवान, सरपंच अशोक पासवान, पूर्व सरपंच दीपक महतो, उपमुखिया सत्तो ठाकुर, पूर्व उपमुखिया पंकज कुमार ठाकुर, पंसस गुड्डू यादव, तमन्ना अंसारी ने गहरी संवेदना प्रकट की है. इधर घटना के बाद सड़क के दोनो लेन पर वाहनों की लंबी कतार घंटो लगी रही. थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने कहा की डीटीओ के खिलाफ आवेदन मिला तो कारवाई की जाएगी. मृत छात्र के परिजन को हरसंभव सहयोग मिलेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
