दरभंगा: युवाओं को कौशल विकास के साथ रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 19 और 20 सितंबर को जनता कोशी महाविद्यालय, बिरौल परिसर में रोजगार सह नियोजन मेला आयोजित किया जायेगा. स्थानीय विधायक सह विधानसभा में सत्तारूढ़ एनडीए के सचेतक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने इसकी जानकारी दी.
मेले में देश-प्रदेश की नामी कंपनियां हिस्सा लेंगी. इसमें अशिक्षित, शिक्षित, प्रशिक्षित और अप्रशिक्षित युवाओं के लिए 12 हजार से 50 हजार रुपये तक के जॉब ऑफर उपलब्ध होंगे.
चयनित युवाओं को मेला स्थल पर मिलेगा नियोजन पत्र
विधायक ने बताया कि रोजगार मेले में चयनित युवाओं को मेला स्थल पर ही नियोजन पत्र दिया जायेगा. इससे युवाओं को सीधे कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद करने और अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार पाने का अवसर मिलेगा.
रोजगार के साथ करियर मार्गदर्शन और कौशल प्रशिक्षण
मेले में रोजगार के अलावा युवाओं को करियर मार्गदर्शन और परामर्श की सुविधा भी मिलेगी. साथ ही कौशल प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी और अवसर उपलब्ध कराये जायेंगे.
समय पर बायोडाटा भेजने की अपील
प्रो. विनय कुमार चौधरी ने युवाओं से समय पर अपना बायोडाटा निर्धारित व्हाट्सएप और ई-मेल पर भेजने की अपील की है. उन्होंने कहा कि यह मेला युवाओं को सीधे नियोक्ताओं से जुड़कर रोजगार हासिल करने का बेहतर अवसर देगा.
