Darbhanga News: बहेड़ा थाना क्षेत्र के मझौला गांव में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी कर लिये. घटना की जानकारी मिलने के बाद बहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.
21 अगस्त से बंद था घर
जानकारी के अनुसार, अलीनगर प्रखंड के रामपुर उदय उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय की शिक्षिका बेबी कुमारी मूल रूप से बहेड़ी प्रखंड के नडेगा गांव की रहने वाली हैं. वह बहेड़ा थाना क्षेत्र के मझौला गांव में शंभु ठाकुर के मकान में किराये पर रहती हैं.
बताया गया कि 21 अगस्त से उनका घर बंद था. इसी का फायदा उठाकर चोर घर के पीछे से अंदर दाखिल हुए. इसके बाद मुख्य दरवाजे, एक कमरे और उसमें रखे गोदरेज का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने के आभूषण चोरी कर लिये.
सुबह टूटा मिला मुख्य गेट का ताला
बुधवार की सुबह मकान मालिक शंभु ठाकुर की पत्नी घर की ओर गयीं. वहां मुख्य गेट का ताला टूटा देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई. इसके बाद उन्होंने शिक्षिका के पति और बहेड़ा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी.
पीड़िता के अनुसार, चोर करीब 20 भर सोने के आभूषण लेकर फरार हो गये. वहीं गोदरेज में रखे 4500 रुपये को चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद बहेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी मिली है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े बिंदुओं की पड़ताल की जा रही है.
यह भी पढ़ें
Darbhanga News: ईद मिलादुन्नबी पर निकला जुलूसे मोहम्मदी, अमन-शांति और भाईचारे का दिया संदेश
