Darbhanga: दस दिन से लापता युवक का पेड़ से लटका मिला शव, एफएसएल ने जुटाये साक्ष्य

दरभंगा के बहेड़ी थाना क्षेत्र में आम के पेड़ से एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला। मृतक की पहचान 10 दिनों से लापता किशन पंडित के रूप में हुई है। शव की स्थिति देखकर इलाके में सनसनी फैल गई है।

Darbhanga News: बहेड़ी थाना क्षेत्र के महुली गांव के खरहौर में मंगलवार की सुबह आम के पेड़ से एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला. शव की स्थिति देखकर इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान महुली गांव निवासी बुधन पंडित के पुत्र किशन पंडित (28) के रूप में हुई है. किशन करीब दस दिनों से लापता था.

पेड़ से लटका मिला सिर, नीचे पड़ा था शरीर

ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार की सुबह खरहौर इलाके में बकरी चरा रहे लोगों को तेज दुर्गंध महसूस हुई. इसके बाद उनकी नजर आम के पेड़ की ओर गयी. पास जाकर देखने पर युवक का सिर गमछे के सहारे पेड़ से लटका हुआ मिला, जबकि शरीर का बाकी हिस्सा नीचे जमीन पर पड़ा था.

शव कई दिन पुराना होने के कारण उसमें कीड़े लग चुके थे. घटना की सूचना मिलते ही बहेड़ी थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.

एफएसएल टीम ने जुटाये साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए बेनीपुर एसडीपीओ वासुकीनाथ झा भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया. टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाये. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

दस दिन पहले घर से निकला था किशन

स्थानीय लोगों के अनुसार किशन करीब दस दिन पहले घर से निकला था. इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा. परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने चप्पल और कपड़ों के आधार पर शव की पहचान किशन पंडित के रूप में की.

थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि करीब दो माह पहले किशन का अपनी मां से विवाद हुआ था. इसके बाद वह घर छोड़कर चला गया था.

प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला

बेनीपुर एसडीपीओ वासुकीनाथ झा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. एफएसएल जांच और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

बताया गया कि किशन अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराना चाहती थी, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं हुए. इसके बाद पंचनामा तैयार कर शव परिजनों को सौंप दिया गया.

यह भी पढ़ें

Darbhanga News: पशुपालकों को मिली उन्नत नस्ल की 50 पाड़ी, प्रति पशु ₹7 हजार अनुदान और एक साल का बीमा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >