Darbhanga News: अतरवेल-जाले पथ में मंगलवार को सैनिक पेट्रोलियम पंप के पास ट्रैक्टर से बचने के प्रयास में डायल 102 एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गयी. हादसे में एंबुलेंस चालक मिंटू कुमार ठाकुर का हाथ टूट गया, जबकि इएमटी शिव नारायण साह समेत अन्य लोग भी घायल हो गये. सुलेखा देवी (35) और शांति देवी को गंभीर चोटें आयी हैं. एंबुलेंस में नवजात शिशु समेत छह लोग सवार थे.
खेत से अचानक सड़क पर आ गया ट्रैक्टर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एंबुलेंस अतरवेल-जाले पथ से गुजर रही थी. इसी दौरान खेत से अचानक एक ट्रैक्टर सड़क पर आ गया. ट्रैक्टर को बचाने के प्रयास में चालक ने एंबुलेंस को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया.
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गयी. कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.
चालक को डीएमसीएच किया गया रेफर
सभी घायलों को तत्काल सीएचसी पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चालक मिंटू कुमार ठाकुर की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच, दरभंगा रेफर कर दिया गया. इएमटी शिव नारायण साह को भी दुर्घटना में चोटें आयी हैं.
सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ नुमानी हसन ने बताया कि सभी घायलों का इलाज किया गया है. सीएचसी प्रभारी डॉ विवेकानंद झा ने भी दुर्घटना की पुष्टि की.
नवजात को घर छोड़ने जा रही थी एंबुलेंस
बताया गया कि डायल 102 एंबुलेंस सीएचसी से लतराहा गांव जा रही थी. एंबुलेंस में राखी देवी (20) और उनका नवजात शिशु भी सवार था. उन्हें अस्पताल से घर पहुंचाया जा रहा था. हादसे में सुशांत कुमार (6), सुलेखा देवी, शांति देवी और अन्य सवारों को भी चोटें आयी हैं.
फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही जाले थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस को सीधा कर थाने पहुंचाया.
थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने बताया कि फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है. आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें
Darbhanga News: खराजपुर में युवक की संदिग्ध मौत के बाद पुलिसकर्मियों से मारपीट, सर्विस पिस्टल छीनी
