Alinagar News: सिमरिया धाम से गंगाजल लेकर कुशेश्वरस्थान महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने के बाद गांव लौट रहे चार युवक सोमवार को सड़क हादसे में घायल हो गये. दुर्घटना एसएच-88 मुख्य सड़क पर पेट्रोल पंप के समीप हुई. स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को बेनीपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को डीएमसीएच रेफर कर दिया गया. घायलों में दो की हालत गंभीर बतायी जा रही है.
सिमरिया से गंगाजल लेकर कुशेश्वरस्थान पहुंचे थे युवक
जानकारी के अनुसार, घनश्यामपुर प्रखंड के बेला पोहद्दी गांव से चार युवक सिमरिया धाम गये थे. वहां से गंगाजल लेकर वे कुशेश्वरस्थान महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया.
जलाभिषेक के बाद चारों युवक अपने गांव के महादेव मंदिर लौट रहे थे. इसी दौरान एसएच-88 मुख्य सड़क पर पेट्रोल पंप के समीप उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
तीन घायलों की हुई पहचान
हादसे में बेला पोहद्दी गांव निवासी नीरज कुमार राम, अनिल कुमार साह और सोनू कुमार घायल हुए हैं. चौथे घायल की पहचान तत्काल नहीं हो सकी.
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को इलाज के लिए बेनीपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सभी को डीएमसीएच रेफर कर दिया.
दो घायलों की हालत गंभीर
अस्पताल में इलाज के दौरान घायलों में दो की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंच गये.
सूचना मिलने पर बहेड़ा थाना की पुलिस भी सक्रिय हुई. थानाध्यक्ष ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को थाना ले जाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें
कमतौल की साइकिल दुकान में छिपाकर रखी थी 208.725 लीटर विदेशी शराब, एक गिरफ्तार
