दरभंगा. दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने के लिये विभाग की ओर से अतिरिक्त 90 एकड़ जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया के साथ- साथ 54 एकड़ भूमि में विशाल टर्मिनल बनाये जाने की प्रक्रिया जारी है. 100 एकड़ भूमि अधिग्रहण को लेकर प्रक्रिया चल रही है. इधर, नयी एयरलाइंस कंपनी अकासा यहां इंट्री ले रही है. प्रदेश में दरभंगा पहला हवाइ अड्डा होगा, जहां से कंपनी विमान सेवा शुरू करने जा रही है. इस तरह से वाया दरभंगा अकासा प्रदेश में इंट्री ले रहा है. चार अप्रैल से सेवा शुरू करने को लेकर कंपनी ने बुकिंग भी शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार जल्द ही अकासा मुंबई रूट पर भी विमान सेवा प्रारंभ करेगा. बताया जा रहा है कि अकासा को इस रूट पर भी स्लॉट मिल गया है. विमान सेवा शुरू करने को लेकर विभागीय प्रक्रिया चल रही है. पिछले साल ही दिल्ली रूट पर कंपनी को मिल गया था स्लॉट जानकारी के अनुसार अकासा को पिछले साल ही दिल्ली रूट पर विमान सेवा शुरू करने को लेकर स्लाट मिल चुका था. बावजूद कंपनी उड़ान सेवा प्रारंभ नहीं कर सकी थी. कंपनी की ओर से दरभंगा- दिल्ली के बाद मुंबई का स्लाट मिलने के बाद ही सर्विस देने की बात कही गयी थी. बताया जा रहा है कि दरभंगा- मुंबई रूट पर स्लॉट मिल जाने के बाद कंपनी दिल्ली के लिये विमान सेवा शुरू करने जा रही है. चार साल बाद अकासा का हुआ आगमन उड़ान योजना के तहत आठ नवंबर 2020 को दरभंगा से विमान सेवा शुरू की गयी थी. प्रारंभ में एकलौता एयरलाइंस स्पाइस जेट दिल्ली, मुंबई व बेंगलुरू रूट पर उड़ान शुरू किया था. उसके बाद पांच जुलाई 2021 को इंडिगो द्वारा नये रूट कोलकाता व हैदराबाद पर फ्लाइट सर्विस दी गयी. चार साल बाद अब अकासा दरभंगा से उड़ान शुरू करने जा रहा है. पहला विमान चार अप्रैल को दरभंगा- दिल्ली रूट पर उड़ान भरेगा. नयी कंपनी की सर्विस शुरू होने से यात्रियों को किफायती दर पर टिकट मिलने की संभावना जतायी जा रही है. पांच रूटों पर दी जा रही विमान सेवा वर्तमान में दरभंगा से पांच रूट दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता व हैदराबाद के लिये विमान सेवा है. दिल्ली रूट पर सबसे अधिक फ्लाइट का परिचालन किया जा रहा है. मुंबई व बेंगलुरु रूट पर नियमित सीधी विमान सेवा नहीं होने से यात्री परेशान हैं. इस रूट पर यात्रा करने के लिये लोगों को कनेक्टिंग फ्लाइट लेनी पड़ रही है. इसमें समय की बर्बादी के साथ- साथ अधिक कीमत पर टिकट खरीदना पड़ता है. स्पाइसजेट ने इन रूटों पर स्लॉट ले रखा है. बावजूद इन रूटों पर रोजाना सीधी विमान सेवा नहीं दी जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
